scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशअर्थजगतयूपीआई-संचालित लेनदेन को मंजूरी वाली साझा व्यवस्था पर काम जारीः इजराइली अधिकारी

यूपीआई-संचालित लेनदेन को मंजूरी वाली साझा व्यवस्था पर काम जारीः इजराइली अधिकारी

Text Size:

(कुणाल दत्त)

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) भारत के साथ द्विपक्षीय निवेश समझौता करने के बाद इजराइल यूपीआई से संचालित लेनदेन को मंजूरी देने वाली एक साझा व्यवस्था पर काम कर रहा है। इजराइल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी है।

भारत और इजराइल ने सोमवार को द्विपक्षीय निवेश समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस मौके पर दोनों देशों के वित्त मंत्री मौजूद थे।

इजराइल के वित्त मंत्रालय के महालेखाकार याली रॉथेनबर्ग ने पीटीआई-भाषा के साथ खास बातचीत में कहा कि भारत के साथ निवेश समझौता केवल शुरुआत है और भविष्य में भारत के साथ अन्य आर्थिक समझौतों को बढ़ावा देने पर भी ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इजराइल, भारत के साथ एक वित्तीय प्रोटोकॉल पर काम कर रहा है, जिससे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए बेहतर वित्तपोषण उपलब्ध हो सके।

रॉथेनबर्ग ने कहा कि इजराइल और भारत के बीच यूपीआई-आधारित भुगतान प्रणाली के लिए जल्द ही एक समझौता लागू किया जा सकता है। इसके तहत भारतीय नागरिक इजराइल में रुपये में भुगतान कर सकेंगे, जबकि इजराइली नागरिक भारत में अपनी स्थानीय मुद्रा में लेन-देन कर पाएंगे।

उन्होंने कहा कि यूपीआई से संचालित लेनदेन की व्यवस्था 2026 की पहली तिमाही के अंत तक चालू हो सकती है।

इजराइल में लेनदेन प्रणाली की बागडोर बैंक ऑफ इजराइल के पास है।

उन्होंने कहा कि भारत-इजराइल मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) की वार्ता भी प्रगति पर है और दोनों पक्ष इसे कम समय में अंतिम रूप देने का प्रयास कर रहे हैं।

रॉथेनबर्ग ने भारतीय कंपनियों को इज़राइल के सार्वजनिक टेंडर में भाग लेने और अपने अनुभव का लाभ उठाने का निमंत्रण भी दिया।

भाषा प्रेम

अजय प्रेम

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments