नयी दिल्ली, तीन सितंबर (भाषा) निर्यातकों का प्रतिनिधित्व करने वाले शीर्ष संगठन फियो ने सुरक्षित और कुशल सीमापार भुगतान सक्षम बनाने वाली वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी ब्रिस्कपे के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।
फियो ने बुधवार को बयान में कहा कि यह समझौता निर्यातकों, विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु और मझोले उद्यमों (एमएसएमई) के बीच अंतरराष्ट्रीय व्यापार में डिजिटल भुगतान समाधानों के बढ़ते महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए किया गया है।
निर्यात में तेजी से विस्तार के साथ, भारतीय कंपनियां वैश्विक खरीदारों से भुगतान प्राप्त करने के लिए पारदर्शी, अनुपालन योग्य और कुशल प्रणाली की मांग कर रही हैं।
समझौता ज्ञापन पर यहां निर्यात भवन में फियो के महानिदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. अजय सहाय और ब्रिस्कपे के सह-संस्थापक एवं मुख्य परिचालन अधिकारी इंदुनाथ चौधरी ने हस्ताक्षर किए।
बयान के अनुसार, यह सहयोग डिजिटल माध्यमों के बारे में जागरूकता बढ़ाने को लेकर एक संयुक्त प्रयास है।
इस मौके पर सहाय ने कहा, ‘‘सुचारू और समय पर भुगतान सुनिश्चित करना निर्यात परिवेश का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। ब्रिस्कपे के साथ हमारा सहयोग डिजिटल समाधानों को उजागर करने के लिए एक मंच प्रदान करता है जो निर्यातकों को तेजी से और अधिक पारदर्शिता के साथ भुगतान प्राप्त करने में सहायता कर सकता है। इससे उन्हें वैश्विक व्यापार में प्रतिस्पर्धी बने रहने में मदद मिलेगी।’’
चौधरी ने कहा, ‘‘फियो के साथ यह समझौता ज्ञापन ब्रिस्कपे के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। देश के निर्यातक, विशेष रूप से एमएसएमई, अंतरराष्ट्रीय भुगतान के मामले में चुनौतियों का सामना करते हैं। इस सहयोग के माध्यम से, हमारा उद्देश्य अगली पीढ़ी के डिजिटल समाधानों पर ज्ञान साझा करना है जो उनके सीमापार लेनदेन को सरल बनाने के साथ उन्हें नकदी प्रवाह को अधिक प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने में सक्षम बना सकते हैं।’’
भाषा
रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
