मुंबई, 30 अगस्त (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावडे ने यहां ‘सह्याद्री गेस्ट हाउस’ में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। पार्टी सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
शाह शुक्रवार रात शहर पहुंचे और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उनका स्वागत किया।
पार्टी के एक सूत्र के अनुसार, तावडे ने शुक्रवार रात शाह से मुलाकात की और माना जा रहा है कि उन्होंने आगामी उपराष्ट्रपति चुनाव, बिहार विधानसभा चुनाव एवं संगठनात्मक मामलों पर चर्चा की।
सूत्र ने बताया कि मराठा आरक्षण आंदोलन के संबंध में शाह मुख्यमंत्री फडणवीस एवं मंत्री आशीष शेलार से और जानकारी लेंगे। शेलार मराठा आरक्षण मामले पर मंत्रिमंडलीय उप-समिति के सदस्य हैं।
शाह गणेश चतुर्थी संबंधी अपनी वार्षिक परंपरा का पालन करते हुए दिन में लालबागचा राजा पंडाल में दर्शन करेंगे। वह उत्सव के लिए फडणवीस के आवास ‘वर्षा’ में भी संभवत: जाएंगे। इसके बाद वह बांद्रा पश्चिम और अंधेरी पूर्व में दो अन्य पंडालों में भी दर्शन करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, उनके अपराह्न करीब दो बजे शहर से रवाना होने की संभावना है।
भाषा सिम्मी प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.