नयी दिल्ली, 29 अगस्त (भाषा) यात्रा बुकिंग मंच ईजमाईट्रिप ने शुक्रवार को कहा कि प्रशांत पिट्टी ने तत्काल प्रभाव से प्रबंध निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया है और संस्थापक निशांत पिट्टी ने चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) का पदभार संभाल लिया है।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह नियुक्ति शेयरधारकों की मंजूरी पर निर्भर करती है।
ईजमाईट्रिप ने कहा कि प्रशांत पिट्टी ने ‘युवा स्टार्टअप फर्मों को सलाह देने, उद्यमशीलता के क्षेत्र में काम करने और जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने पर ध्यान देने के लिए अपना कार्यकाल खत्म कर दिया है।’’ हालांकि वह ईजमाईट्रिप के प्रवर्तक बने रहेंगे।
निशांत पिट्टी ने इस नियुक्ति पर कहा, ‘‘चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) की भूमिका निभाने से मुझे अपने लोगों के साथ और भी अधिक निकटता से काम करने, नए अवसरों को खोलने, नई ऊंचाइयों को छूने और एक ऐसे यात्रा-प्रौद्योगिकी ब्रांड का निर्माण जारी रखने का अवसर मिल रहा है जिस पर भारत गर्व कर सके।’’
उन्होंने कहा कि ईजमाईट्रिप अब यात्रा से आगे बढ़कर व्यवसायों एवं सेवाओं के एक विविध परिवेश के रूप में विकसित हो रही है।
निशांत पिट्टी ने इस साल की शुरुआत में ‘व्यक्तिगत कारणों’ से मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पद से इस्तीफा दे दिया था और उस समय उनके भाई एवं सह-संस्थापक रिकांत पिट्टी को नया सीईओ नियुक्त किया गया था।
ईजमाईट्रिप ने अप्रैल में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा सह-संस्थापक निशांत पिट्टी के परिसरों की तलाशी लेने के एक दिन बाद महादेव सट्टेबाजी ऐप या किसी अन्य सट्टेबाजी मंच के साथ कोई भी प्रत्यक्ष या परोक्ष संबंध होने से इनकार किया था।
भाषा रमण प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
