नयी दिल्ली, 29 अगस्त (भाषा) नेफ्रोकेयर हेल्थ सर्विसेज लिमिटेड ने फिलीपीन में पांच नए डायलिसिस क्लीनिक का अधिग्रहण करने की शुक्रवार को घोषणा की। इससे देश में इसके क्लीनिक की कुल संख्या 39 हो गई।
नए अधिग्रहण किए गए क्लीनिक इसाबेला डायलिसिस सेंटर (सैंटियागो), लगुना डायलिसिस सेंटर (कैबुयाओ), मनीला डायलिसिस सेंटर (बिनोन्डो), सीपी गार्सिया एवेन्यू (दिलीमन), क्यूजोन सिटी डायलिसिस सेंटर (ई रोड्रिगेज) हैं।
नेफ्रोकेयर हेल्थ सर्विसेज के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ग्रुप) रोहित सिंह ने बयान में कहा, ‘‘ यह विस्तार फिलीपीन में हमारी यात्रा में एक बड़ी उपलब्धि है, जो अब भारत के बाद हमारे संचालन के प्रमुख देशों में से एक बन गया है।’’
नेफ्रोकेयर हेल्थ सर्विसेज अपने नेफ्रोप्लस ब्रांड के लिए जानी जाती है। इसने रॉयल केयर डायलिसिस क्लीनिक में बहुलांश हिस्सेदारी प्राप्त करके फिलीपीन में विस्तार किया है जिसका उद्देश्य 2025 तक देश में प्रमुख डायलिसिस नेटवर्क बनना है।
हैदराबाद स्थित कंपनी ने वित्त वर्ष 2019-20 में फिलीपीन के बाजार में प्रवेश किया और तब से तेजी से विस्तार किया है।
कंपनी आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के माध्यम से धन जुटाने के लिए भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के समक्ष जुलाई में दस्तावेज दाखिल किए थे। आईपीओ 353.4 करोड़ रुपये के नए शेयर और 1.27 करोड़ शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का संयोजन होगा।
इस पूंजी में से करीब 129 करोड़ रुपये का उपयोग वित्त वर्ष 2027-28 तक भारत में करीब 167 नए डायलिसिस सेंटर खोलने के लिए किया जाएगा।
भाषा निहारिका रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
