scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशअर्थजगतइरेडा का चालू वित्त वर्ष में अपनी परिचालन आय को 8,200 करोड़ रुपये पर पहुंचाने का लक्ष्य

इरेडा का चालू वित्त वर्ष में अपनी परिचालन आय को 8,200 करोड़ रुपये पर पहुंचाने का लक्ष्य

Text Size:

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की भारतीय नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी (इरेडा) का लक्ष्य चालू वित्त वर्ष 2025-26 में अपनी परिचालन आय सालाना आधार पर 21 प्रतिशत से अधिक वृद्धि के साथ 8,200 करोड़ रुपये करना है।

कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि गत वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी की परिचालन आय 6,743.32 करोड़ रुपये रही थी।

बयान के अनुसार, इरेडा ने सोमवार को नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) के साथ एक प्रदर्शन-आधारित समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसमें वित्त वर्ष 2025-26 के लिए रणनीतिक लक्ष्यों की रूपरेखा दी गई है।

एमएनआरई और इरेडा के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में एमएनआरई सचिव संतोष कुमार सारंगी और इरेडा के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक प्रदीप कुमार दास ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

समझौता ज्ञापन के तहत भारत सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8,200 करोड़ रुपये की परिचालन आय का लक्ष्य निर्धारित किया है।

इरेडा ने वित्त वर्ष 2024-25 में 6,743.32 करोड़ रुपये की परिचालन आय दर्ज की थी जो उसके निर्धारित लक्ष्य 5,957 करोड़ रुपये से अधिक है।

समझौता ज्ञापन में अन्य लक्ष्यों के अलावा प्रमुख प्रदर्शन मापदंड जैसे निवल मूल्य पर प्रतिफल, नियोजित पूंजी पर प्रतिफल, कुल ऋणों के लिए गैर-निष्पादित परिसंपत्तियां (एनपीए) और परिसंपत्ति कारोबार अनुपात भी शामिल हैं।

कंपनी की वृद्धि की गति पर भरोसा जताते हुए दास ने कहा, ‘‘ इस वर्ष भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने की उम्मीद के साथ, हम उत्कृष्टता के अपने ‘ट्रैक रिकॉर्ड’ को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

भाषा निहारिका अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments