scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमदेशअर्थजगतछत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने टोक्यो में व्यापार मंडल 'जेट्रो' के साथ निवेश संभावनाओं पर चर्चा की

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने टोक्यो में व्यापार मंडल ‘जेट्रो’ के साथ निवेश संभावनाओं पर चर्चा की

Text Size:

रायपुर, 23 अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को टोक्यो में ‘जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जेट्रो)’ के वरिष्ठ प्रतिनिधियों से मुलाकात की और निवेश तथा औद्योगिक अवसरों पर चर्चा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय ने जेट्रो के अधिकारी नकाजो काजुया, एंडो युजी और हारा हारुनोबु से मुलाकात कर निवेश और औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने बताया कि बैठक में सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), कपड़ा, अंतरिक्ष-विज्ञान, मोटर वाहन क्षेत्र, इलेक्ट्रॉनिक्स और स्वच्छ ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ की अपार संभावनाओं को रेखांकित किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने जेट्रो के प्रतिनिधियों को प्रदेश की तेजी से प्रगति कर रही अर्थव्यवस्था में निवेश के नए अवसर तलाशने के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक उभरता हुआ औद्योगिक और निवेश गंतव्य है। राज्य पारदर्शी नीतियों, सरल प्रक्रियाओं और मजबूत औद्योगिक बुनियादी ढांचे के कारण वैश्विक निवेशकों को आकर्षित कर रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर आयोजित ‘डीप स्पेस – टू द मून एंड बियॉन्ड’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान और नवाचारों की यह समृद्ध झलक, आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में भारत सरकार के सहयोग से विकसित किए जा रहे ‘स्पेस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर’ को नई दिशा और प्रेरणा देगी।

साय ने विश्वास जताया कि जापान प्रवास से छत्तीसगढ़ को निवेश, नवाचार और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के क्षेत्र में ठोस नतीजे मिलेंगे।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य प्रदेश को न केवल औद्योगिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है बल्कि उसे अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से विश्व पटल पर एक सशक्त पहचान दिलाना भी है।

भाषा संजीव जितेंद्र योगेश पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments