(सारा डोरोव, अल्बर्टा विश्वविद्यालय)
एडमंटन, 22 अगस्त (द कन्वरसेशन) अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) वर्षों से यह चेतावनी देता रहा है कि जलवायु परिवर्तन से कामकाज के हालात, तौर-तरीकों और उपलब्धता पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ता है।
एक ओर जहां जंगल की आग और अन्य मौसम संबंधी घटनाएं जंगलों को नष्ट करके लोगों के लिए खतरे पैदा कर रही हैं, तो दूसरी ओर समुद्र का तापमान बढ़ने से समुद्री क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और मत्स्य पालन पर असर पड़ रहा है।
मैंने अपने सहकर्मियों के साथ मिलकर कनाडा में ‘वर्क-लाइफ’ नामक एक शोध प्रोजेक्ट का नेतृत्व किया था, जिसमें जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से जुड़ी सच्चाई सामने आई।
पिछले चार वर्षों में, हमारी शोध टीम ने सात प्रांतों के विभिन्न क्षेत्रों में 100 से ज्यादा लोगों की तस्वीरें और साक्षात्कार लिया। हमने उनके कामकाज के सामाजिक अर्थों पर ध्यान केंद्रित किया। इस दौरान हमें कामकाज के ऐसे सूक्ष्म व प्रत्यक्ष तरीके भी देखने को मिले जिनके कारण बदलती पर्यावरणीय परिस्थितियां लोगों के कामकाजी जीवन के सामाजिक व आर्थिक ताने-बाने को बिगाड़ रही हैं।
हम अपने दो प्रोजेक्ट स्थलों का उपयोग यह दर्शाने के लिए कर रहे हैं कि जलवायु परिवर्तन किस प्रकार आजीविका को प्रभावित कर रहा है। इन दो स्थलों में उत्तरी सस्केचवान में लाक ला रोन्ज और न्यू ब्रंसविक में ग्रैंड मनन द्वीप शामिल हैं।
मैंने, लिंग और महिला अध्ययन की प्रोफेसर एंजेले अलूक और समाजशास्त्र की प्रोफेसर करेन फोस्टर ने प्रतिभागियों की कहानियों को एकत्र किया है। हमारे प्रोजेक्ट सहयोगी मार्टिन वेनहोल्ड ने तस्वीरें ली हैं।
शब्दों और चित्रों ने मिलकर कामकाज और प्रकृति के संबंधों की सुंदरता और खतरों दोनों को व्यक्त किया।
कैथी क्लिंटन-रैट और जूलिया क्लिंटन मां और बेटी हैं, जिन्होंने कनाडा में वर्क-लाइफ प्रोजेक्ट में भाग लिया था। दोनों का रॉबर्टसन ट्रेडिंग नामक कंपनी से गहरा संबंध था।
लगभग 60 वर्षों तक, रॉबर्टसन ट्रेडिंग ने फर व्यापार में आजीविका कमाने के लिए इस क्षेत्र के मूल निवासियों की सहायता की है।
हमारी टीम के दौरे के छह महीने बाद दिसंबर 2023 में रॉबर्टसन ट्रेडिंग के बंद होने के बावजूद यह अब भी एक टाउन बैंक के रूप में संचालित होता है। महत्वपूर्ण बात यह है कि इसकी स्थापना के बाद से एकत्र की गई सैकड़ों अद्वितीय स्वदेशी कलाकृतियां और पारंपरिक शिल्प वस्तुएं इसमें रखी गईं।
कैथी की बनाई हुईं की मूस की खाल और मनके की कलाकृतियां दशकों तक रॉबर्टसन ट्रेडिंग में बेची व प्रदर्शित की जाती रहीं। जूलिया ने अपनी मां से चमड़े की पारंपरिक वस्तुएं और मनके के उत्पाद बनाने का कौशल सीखा और कई वर्षों तक रॉबर्टसन ट्रेडिंग में भी काम किया।
चार जून 2025 को, रॉबर्टसन ट्रेडिंग उस क्षेत्र में जंगल में लगी आग में जलकर नष्ट हो गयी।
बोरियल वनक्षेत्र में आग लगना एक प्राकृतिक घटना थी, लेकिन हाल के दशकों में ऐसी घटनाएं अभूतपूर्व तरीके से बढ़ी हैं।
इस तरह की घटनाओं से मूल निवासी विशेष रूप से प्रभावित होते हैं। जून में, ला रोन्ज और इसके आसपास रहने वाले लोगों को अनिवार्य रूप से कहीं और जाने नोटिस दिया गया।
आग ने रॉबर्टसन ट्रेडिंग के स्टोर में मौजूद हस्तशिल्प वस्तुओं के पूरे संग्रह को नष्ट कर दिया, जिसमें कैथी की कुछ कलाकृतियां भी शामिल थीं। इन चीजों को आसानी से दोबारा नहीं बनाया जा सकता। यह हमें बताता है कि आपका काम पैसे से कहीं बढ़कर होता है। इसमें परंपरा, स्मृति, पहचान और अर्थ समाहित होते हैं, जिनसे सामाजिक जीवन बनता है।
रॉबर्टसन ट्रेडिंग का नुकसान इस बात पर प्रकाश डालता है कि जलवायु परिवर्तन का आपके कामकाज पर किस प्रकार असर पड़ता है।
महासागरों का बढ़ता तापमान
न्यू ब्रंसविक में ग्रैंड मनन द्वीप हमारा एक और प्रोजेक्ट स्थल है, जो कामकाज से सामने मौजूद खतरों को और स्पष्ट करता है। वीयर फिशिंग यानी मछलियों को जाल में फंसाने का एक स्थायी तरीका कनाडा में अटलांटिक क्षेत्र में सैकड़ों वर्षों से प्रचलित है।
हालांकि 1980 के दशक तक इसमें काफी गिरावट आई, फिर भी कुछ लोगों ने इसे जारी रखा।
हमारे प्रोजेक्ट में शामिल जेफ फॉस्टर भी उन्हीं लोगों में से एक थे। उन्हें हेरिंग नामक मछली के बारे में सब कुछ पता था। वह न सिर्फ आजीविका कमाने के एक संसाधन के रूप में, बल्कि एक अनोखी विशेषताओं व व्यवहार वाली प्रजाति के रूप में भी हेरिंग के बारे में काफी कुछ जानते थे।
जब मार्टिन वेनहोल्ड ने 2016 में पहली बार उनकी तस्वीर खींची थी, तब उनका वीयर फिशिंग का व्यवसाय जोरों पर था। कुछ साल बाद, जेफ ने परंपरा को खुशी-खुशी जारी रखते हुए मछली पकड़ने का काम अपने बेटों को सौंप दिया।
लेकिन 2023 में, जेफ के बेटों ने उन्हें बताया कि अब न तो उनके जाल में हेरिंग मछली फंसती है और न ही मैकेरल। उन्होंने बताया कि पानी के गर्म होने और जरूरत से ज़्यादा मछली पकड़ने के कारण मछलियां बहुत कम हो गईं।
कुछ समय तक, जेफ के बेटे दूसरे कामकाज करके परिवार का खर्च चला रहे थे। लेकिन 2024 में, जब वर्क-लाइफ टीम जेफ से मिलने आई, तो वे बहुत दुखी दिखे।
उनके बेटे झींगा मछली उद्योग में मौसमी काम करने लगे थे। अब उनके पास यही विकल्प रह गया था क्योंकि गर्म होते पानी के कारण झींगा मछलियां उत्तर की ओर बढ़ रही थीं।
साल 2018 के एक शोधपत्र में, अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन ने जोर देकर कहा था कि ‘काम के अच्छे भविष्य के लिए एक स्थिर व स्वस्थ वातावरण की आवश्यकता होती है।’
लेकिन सवाल यह है कि ‘अच्छा’ का क्या अर्थ है।
इसका अर्थ यह सुनिश्चित करना है कि न्यायसंगत ऊर्जा परिवर्तन की नीतियों और सिद्धांतों को सभी प्रकार के कार्यों पर लागू किया जाए और कामकाजी लोगों की कहानियां इस प्रयास में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में काम करें।
द कन्वरसेशन
जोहेब मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.