मुंबई, 22 अगस्त (भाषा) जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जेआईसीए) ने एशिया और अफ्रीका के उद्यमों को समर्थन देने के लिए आविष्कार कैपिटल के ‘ग्लोबल सप्लाई चेन सपोर्ट फंड’ में चार करोड़ अमेरिकी डॉलर के निवेश की शुक्रवार को घोषणा की।
आविष्कार कैपिटल ने बयान में कहा कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला सहायता कोष में निवेश करके, जेआईसीए आविष्कार कैपिटल को भारत के बाद अफ्रीका एवं एशिया के उभरते बाजारों में विस्तार करने में मदद करेगा। इससे व्यापक हिंद महासागर क्षेत्र और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला के विकास में योगदान मिलेगा।
जेआईसीए के निवेश निर्णय की घोषणा जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा ने इस सप्ताह जापान के योकोहामा में टीआईसीएडी 9 (अफ्रीकी विकास पर टोक्यो अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन) के साथ आयोजित ‘हिंद महासागर में आर्थिक भागीदारी – अफ्रीका फोरम’ में की।
जेआईसीए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मिकियो हताएदा ने कहा,‘‘ इस फंड में निवेश करके एवं आविष्कार समूह के साथ सहयोग के एक नए अध्याय में प्रवेश करके, हम अच्छी तरह से स्थापित भारत-जापान साझेदारी को बढ़ाने के साथ ही अफ्रीका एवं एशिया में निवेश को प्रभावित करने की हमारी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने की उम्मीद करते हैं।’’’
भाषा निहारिका
निहारिका
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
