scorecardresearch
Wednesday, 20 August, 2025
होमविदेशश्रीलंका के पूर्व पुलिस प्रमुख गिरफ्तार

श्रीलंका के पूर्व पुलिस प्रमुख गिरफ्तार

Text Size:

कोलंबो, 20 अगस्त (भाषा) श्रीलंका के पूर्व पुलिस प्रमुख देशबंधु तेनाकून को बुधवार को आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

तेनाकून को 2022 के ‘अरगलया’ नामक जन विद्रोह को दबाने में उनकी कथित भूमिका के लिए गिरफ्तार किया गया था।

अरगलया एक सिंहली शब्द है, जिसका अर्थ होता है ‘संघर्ष’ या ‘आंदोलन’।

उन्होंने अदालत के हस्तक्षेप के माध्यम से गिरफ्तारी को रोकने की कोशिश की, लेकिन मंगलवार को अदालत ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।

दो सप्ताह पहले ही एक संसदीय समिति ने कदाचार के आरोपों की जांच के बाद तेनाकून को पुलिस महानिरीक्षक के पद से बर्खास्त कर दिया था।

तेनाकून आंदोलन के दौरान कोलंबो के प्रभारी वरिष्ठ उप महानिरीक्षक थे और सरकार द्वारा शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई के मामले में उन्हें आरोपी बनाया गया था।

‘अरगलया’ आंदोलन के चलते तत्कालीन राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे को आर्थिक संकट से निपटने में नाकामी के कारण इस्तीफा देना पड़ा था।

कोलंबो में नौ मई 2022 को हिंसा भड़क गई थी, जब तत्कालीन सरकार के समर्थकों ने प्रदर्शनकारियों पर हमला कर दिया था।

तेनाकून पर हिंसा रोकने में निष्क्रिय रहने का आरोप है।

इस साल मार्च में एक अन्य मामले में अदालत से बचते रहे तेनाकून को गिरफ्तार किया गया था और वह दो सप्ताह तक न्यायिक हिरासत में रहे। बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

उन्हें नवंबर 2023 में पुलिस प्रमुख नियुक्त किया गया था, जबकि सर्वोच्च न्यायालय ने पुलिस हिरासत में एक संदिग्ध को प्रताड़ित करने के मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई की थी।

जुलाई 2024 में सर्वोच्च न्यायालय ने उन्हें पुलिस प्रमुख के पद से निलंबित कर दिया था, जिसके बाद संसदीय जांच के जरिये उनकी बर्खास्तगी हुई।

भाषा राखी सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments