नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) गोदरेज एग्रोवेट लिमिटेड ने बुधवार को मक्का की फसल के लिए डिज़ाइन किए गए एक नए खरपतवार नाशक ‘अशिताका’ की पेशकश की घोषणा की।
कंपनी ने एक नियामकीय सूचना में कहा कि आईएसके जापान के सहयोग से विकसित यह नया उत्पाद एक अभिनव समाधान है जो घास और चौड़ी पत्ती वाले खरपतवारों पर प्रभावी नियंत्रण प्रदान करता है – जो भारत में मक्का किसानों के सामने एक बड़ी चुनौती है।
तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु के प्रमुख मक्का उत्पादक क्षेत्रों में पेशकश के बाद, गोदरेज एग्रोवेट आने वाले महीनों में सभी मक्का उत्पादक राज्यों में इस नए उत्पाद को पेश करने की योजना बना रहा है।
गोदरेज एग्रोवेट में फसल संरक्षण कारोबार के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राजावेलु एन के ने कहा, ‘‘मक्का किसानों के लिए बेहतर उत्पादकता प्राप्त करने को फसल वृद्धि के प्रारंभिक चरणों के दौरान प्रभावी खरपतवार प्रबंधन अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत में अपनी तरह का पहला, अशिताका, किसानों को उपज में सुधार और लाभप्रदता बढ़ाने के लिए एक शक्तिशाली समाधान प्रदान करने की दिशा में एक कदम है।’’
खरपतवार संक्रमण, विशेष रूप से प्रारंभिक विकास चरणों के दौरान, मक्का की उत्पादकता को महत्वपूर्ण रूप से प्रभावित करता है। कंपनी ने आगे कहा कि खरपतवार वृद्धि के 2-4 पत्ती चरण में प्रयोग किए जाने पर, यह नया खरपतवारनाशक प्रभावी खरपतवार नियंत्रण प्रदान करता है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
