नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) ने ‘सामान्य केंद्रीय सचिवालय’ (सीसीएस) के दो नए भवनों के निर्माण के लिए निविदा जारी की है जो उद्योग भवन और निर्माण भवन की जगह बनाए जाएंगे।
निविदा दस्तावेज के मुताबिक, इस निर्माण परियोजना की लागत 3,116.37 करोड़ रुपये आंकी गई है और इसे 21 माह में पूरा किया जाएगा। बोली दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 सितंबर तय की गई है।
मौलाना आजाद रोड स्थित उद्योग भवन और निर्माण भवन में मौजूद स्वास्थ्य, वाणिज्य, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) और आवास मंत्रालय सहित विभिन्न मंत्रालयों के दफ्तरों का स्थानांतरण शुरू हो चुका है। दशकों पुराने इन दोनों भवनों को गिराकर सीसीएस-8 और सीसीएस-9 भवन बनाए जाएंगे।
आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की योजना सामान्य केंद्रीय सचिवालय के लिए कुल 10 भवनों का निर्माण करने की है। यह महत्वाकांक्षी सेंट्रल विस्टा पुनर्विकास परियोजना का हिस्सा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छह अगस्त को कर्तव्य भवन-03 (सीसीएस-3) का उद्घाटन किया था। इसमें गृह, विदेश, ग्रामीण विकास, एमएसएमई, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय और प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार का कार्यालय होगा।
केंद्रीय विस्टा पुनर्विकास योजना के तहत नया संसद भवन, उपराष्ट्रपति आवास, कर्तव्य पथ का पुनर्विकास और वाणिज्य भवन का निर्माण पहले ही हो चुका है।
इस योजना के तहत कार्यकारी एन्क्लेव का भी निर्माण होगा जिसमें नया प्रधानमंत्री कार्यालय, कैबिनेट सचिवालय, इंडिया हाउस और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय होगा। इस एन्क्लेव के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री का नया आवास भी बनाया जाएगा।
भाषा प्रेम
अजय प्रेम
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
