scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशपटना में मंत्री के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे जन सुराज पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया

पटना में मंत्री के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे जन सुराज पार्टी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया

Text Size:

पटना, 23 जून (भाषा) पुलिस ने सोमवार को पटना में जन सुराज पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को उस समय हिरासत में ले लिया जब वे बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के सरकारी आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज भारती को भी हिरासत में लिया गया।

जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पांडेय के सरकारी आवास के बाहर पहुंचकर मुजफ्फरपुर जिले में 11 वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार की घटना को लेकर उनके इस्तीफे की मांग की। पीड़िता की एक जून को पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में मौत हो गई थी।

पुलिस अधीक्षक (पटना, मध्य) दीक्षा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘पुलिस ने प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रदर्शन के लिए जन सुराज पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और उसके कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। प्रतिबंधित क्षेत्र में इस तरह के किसी भी जमावड़े की इजाजत नहीं है।’

उन्होंने कहा कि कुछ कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें रिहा कर दिया जाएगा।

भारती ने दावा किया कि बलात्कार पीड़िता की मौत राज्य में कानून-व्यवस्था और स्वास्थ्य प्रणाली के ध्वस्त हो जाने के कारण हुई।

भारती ने हिरासत में लिए जाने से पहले दावा किया, ‘लड़की की मौत के लिए राज्य सरकार और पीएमसीएच प्रशासन जिम्मेदार है। इस घटना ने सरकार, मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और पीएमसीएच की असंवेदनशीलता को उजागर कर दिया है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री को इसके लिए इस्तीफा दे देना चाहिए।’

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments