scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशअतीक अहमद के बेटे के पास से पैसे बरामद होने पर उप जेलर, वार्डन निलंबित

अतीक अहमद के बेटे के पास से पैसे बरामद होने पर उप जेलर, वार्डन निलंबित

Text Size:

प्रयागराज, 19 जून (भाषा) नैनी सेंट्रल जेल में निरुद्ध माफिया एवं पूर्व सांसद अतीक अहमद के बेटे अली के पास से नकदी बरामद होने के बाद लापरवाही बरतने के आरोप में जेल प्रशासन ने उप जेलर शांति देवी और वार्डन संजय द्विवेदी को निलंबित कर दिया है।

नैनी सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक रंग बहादुर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मंगलवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (जेल) राकेश श्रीवास्तव ने जेल का निरीक्षण किया जिस दौरान, अली के पास से 1100 रुपये नकद बरामद हुए।

उन्होंने बताया कि लापरवाही बरतने के आरोप में उप जेलर शांति देवी और वार्डन संजय द्विवेदी को निलंबित कर दिया गया है।

वरिष्ठ अधीक्षक ने बताया कि जांच में सामने आया कि अली से मुलाकात करने आए व्यक्ति ने उसे कूपन खरीदने के लिए यह पैसे दिए थे। अली ने कूपन खरीदने के बजाय यह रुपये अपने पास रख लिए थे।

उन्होंने बताया कि जेल की कैंटीन से दैनिक वस्तुएं जैसे साबुन, दंतमंजन आदि की खरीद ‘प्रिंटेड कूपन’ से होती है और अली को कूपन के लिए पैसा जमा करना चाहिए था, लेकिन उसने यह पैसा अपने पास रख लिया।

उल्लेखनीय है कि उमेश पाल हत्याकांड सहित 100 से अधिक आपराधिक मामलों में नामजद माफिया एवं पूर्व सांसद अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल, 2023 को प्रयागराज के काल्विन अस्पताल में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

भाषा राजेंद्र नोमान

नोमान

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments