scorecardresearch
Friday, 17 April, 2026
होमदेशएअर इंडिया विमान हादसे की ‘सच्चाई सामने’ लाने के लिए हो गहन और पारदर्शी जांच : तृणमूल

एअर इंडिया विमान हादसे की ‘सच्चाई सामने’ लाने के लिए हो गहन और पारदर्शी जांच : तृणमूल

Text Size:

कोलकाता, 13 जून (भाषा)पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने एअर इंडिया विमान हादसे के एक दिन बाद शुक्रवार को घटना की ‘‘सच्चाई उजागर करने’’ के लिए ‘‘गहन और निष्पक्ष’’ जांच की मांग की।

गुजरात के अहमदाबाद से ब्रिटेन के लंदन जा रहे विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से 242 यात्रियों में से 241 की मौत हो गई। विमान एक चिकित्सा महाविद्यालय के छात्रावास पर गिरा, जिससे वहां मौजूद कुछ लोगों के हताहत होने की आशंका है।

तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उचित जांच पूरी होने से पहले ही ‘पक्षी टकराने’ जैसे सिद्धांतों को स्थापित करने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘कल एअर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद पूरा देश शोक में है। इस त्रासदी के बाद, कई तरह की बातें कही जा रही हैं। हम सच्चाई को उजागर करने के लिए गहन, पारदर्शी और निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं। कोई लीपापोती नहीं। कोई राजनीति नहीं। केवल जवाबदेही। यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।’’

घोष ने आरोप लगाया कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)नीत सरकार में देश भर में यात्रियों के लिए हवाई मार्ग और रेलवे यात्रा सुरक्षा ‘‘सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई है’’।

घोष ने कहा, ‘‘विमान पेरिस से दिल्ली आया था। इसके बाद यह अहमदाबाद पहुंचा और फिर लंदन के लिए रवाना हुआ। अचानक ऐसा क्या हुआ कि यह उड़ान भरने में असमर्थ हो गया? क्या विमान का रखरखाव ठीक से किया गया था? इसकी प्रणाली के काम न करने की इतनी शिकायतें क्यों सामने आ रही हैं?’’

उन्होंने विमान रखरखाव में संभावित चूक के लिए भी केंद्र को जिम्मेदार ठहराया, जबकि विमानन कंपनी (एअर इंडिया) वर्तमान में निजी स्वामित्व में है।

घोष ने कहा, ‘‘ टाटा समूह ने हाल ही में एअर इंडिया का अधिग्रहण किया है। इससे पहले, यह केंद्र के स्वामित्व वाली एयरलाइन थी। नए और पुराने मालिक का जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डालना स्वीकार्य नहीं है।

उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए सवाल किया, ‘‘क्या उचित जांच की गई थी? क्या कोई अन्य तकनीकी खराबी थी? क्या अनुभवी पायलट द्वारा संचालित एक आधुनिक विमान इस तरह से गिर सकता है?’’

भाषा धीरज जोहेब

जोहेब

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments