scorecardresearch
Friday, 17 April, 2026
होमदेशभाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर साधा निशाना

भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर साधा निशाना

Text Size:

लुधियाना, 13 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ ने शुक्रवार को राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदेश में भ्रष्टाचार और मादक पदार्थों के दुरुपयोग से लड़ने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान की प्रतिबद्धता पर सवाल खड़े किए।

जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री बार-बार भ्रष्टाचार और नशा उन्मूलन का दावा करते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कुछ भी ठोस काम नहीं हो रहा है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री मान के बयानों का हवाला देते हुए कहा, ‘‘आपने (भगवंत मान) दावा किया था कि आपके पास सभी भ्रष्ट नेताओं की फाइलें हैं और दूसरों से कहा था कि वे आपसे नजर मिलाकर बात करें। फिर भी, एक भी नेता के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। तहसीलदार जैसे चुनिंदा लोगों को ही क्यों निशाना बनाया जा रहा है? अगर आपके पास वाकई सबूत हैं, तो कार्रवाई करें, अपने घर से ही शुरुआत करें। ’’

जाखड़ ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में लुधियाना पश्चिम के मतदाताओं से उपचुनाव में ‘बुद्धिमानी से मतदान’ करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, ‘‘लोगों को मूर्ख बनाया जा रहा है और पंजाब इसकी कीमत चुका रहा है।’’

पंजाब की लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव 19 जून को होगा और मतगणना 23 जून को होगी।

लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट आप विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के इस साल जनवरी में निधन के बाद खाली हो गई थी।

भाजपा ने उपचुनाव के लिए जीवन गुप्ता को मैदान में उतारा है, जबकि राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा आप के उम्मीदवार हैं।

कांग्रेस ने पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु को मैदान में उतारा है, जो 2012 और 2017 में इस सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं।

शिरोमणि अकाली दल ने उपचुनाव के लिए वकील परुपकर सिंह घुमन को अपना उम्मीदवार बनाया है।

भाषा रवि कांत दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments