scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमखेलशांभवी ने कुमार सुरेंद्र सिंह स्मारक निशानेबाजी प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीते

शांभवी ने कुमार सुरेंद्र सिंह स्मारक निशानेबाजी प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीते

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र की किशोरी शांभवी क्षीरसागर ने शनिवार को यहां कुमार सुरेंद्र सिंह स्मारक (केएसएसएम) निशानेबाजी चैंपियनशिप में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में विश्व चैंपियनशिप पदक विजेताओं, ओलंपिक फाइनलिस्ट और राष्ट्रीय चैंपियन को पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया।

पिछले साल लीमा में जूनियर विश्व कप में पांचवें स्थान पर रही 16 वर्षीय शांभवी ने 633.5 के स्कोर के साथ क्वालीफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया। इसके बाद उन्होंने 24 निशाने के फाइनल में अपने आखिरी प्रयास में 10.8 के शॉट के साथ हरियाणा की रमिता को पछाड़ दिया। रमिता पेरिस ओलंपिक के फाइनल में पहुंची थीं।

विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता पश्चिम बंगाल की मेहुली घोष ने कांस्य पदक जीता।

शांभवी ने इससे पहले जूनियर महिला स्पर्धा में रजत और युवा महिला प्रतियोगिता में अपना दूसरा स्वर्ण जीता।

शांभवी के लिए हालांकि महिला स्पर्धा में स्वर्ण जीतना सबसे अधिक मायने रखेगा क्योंकि उनका मुकाबला मेहुली, रमिता और हाल ही में राष्ट्रीय चैंपियन बनी अनन्या नायडू के अलावा जूनियर विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता श्रेया अग्रवाल जैसे प्रतिष्ठित निशानेबाजों से था।

रमिता ने हालांकि जूनियर महिला स्पर्धा में शांभवी को पछाड़ कर स्वर्ण पदक हासिल किया। उत्तर प्रदेश की मान्या मित्तल तीसरे स्थान पर रहीं।

शांभवी ने इसके बाद युवा महिलाओं का खिताब भी अपने नाम किया। उन्होंने इस वर्ग के फाइनल में कर्नाटक की निधि मित्तल को हराया। मध्य प्रदेश की गौतमी भनोट तीसरे स्थान पर रहीं।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments