नयी दिल्ली, आठ अप्रैल (भाषा) हॉकी इंडिया ने उत्तर प्रदेश के झांसी में चल रही सीनियर पुरूष राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में खिलाड़ियों को चिकित्सा और रिकवरी में सहयोग के लिये अतिरिक्त सहयोगी स्टाफ भेजा है जिसमें एक फिजियो और एक मालिशिया शामिल है ।
इस साल चैम्पियनशिप में भारतीय पुरूष हॉकी टीम के 31 खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं जिनमें हार्दिक सिंह, जरमनप्रीत सिंह, कृशन बी पाठक, अभिषेक, अमित रोहिदास, सुमित, गुरजंत सिंह और संजय शामिल हैं ।
भारतीय हॉकी टीम के मुख्य कोच क्रेग फुल्टोन ने एक विज्ञप्ति में कहा ,‘‘ अधिकांश स्थानीय टीमों के पास फिजियो या मेडिकल स्टाफ नहीं होता लेकिन हमारे राष्ट्रीय खिलाड़ियों को पेशेवर ढांचे की आदत है । हमारा लक्ष्य चोटों से बचाव करना और खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिये माहौल देना है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ एफआईएच प्रो लीग को देखते हुए यह जरूरी है कि खिलाड़ियों का प्रबंधन सही तरीके से हो । अनावश्यक जोखिम से बचाव हो और रिकवरी जल्दी हो ।’
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा ,‘‘ खिलाड़ियों का स्वास्थ्य और कल्याण सर्वोपरि है । इतने सारे राष्ट्रीय खिलाड़ी सीनियर चैम्पियनशिप में खेल रहे हैं लिहाजा उन्हें वह मेडिकल और रिकवरी ढांचा देना हमारा फर्ज था जिसके वे आदी हैं । इससे प्रतिस्पर्धा का स्तर भी बेहतर होगा ।’’
भाषा मोना पंत
पंत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
