भोपाल, पांच मार्च (भाषा) शिवपुरी जिले में स्थित माधव राष्ट्रीय उद्यान को मध्य प्रदेश का नौवां बाघ अभयारण्य घोषित किया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को यह जानकारी दी।
यादव ने कहा कि वह जल्द ही राष्ट्रीय उद्यान में बाघों का एक जोड़ा छोड़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश पहले ही ‘बाघ राज्य’ का दर्जा प्राप्त कर चुका है और यह वन्यजीव प्रेमियों के लिए पर्यटन का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है।
यादव ने कहा कि चंबल क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि से स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।
चंबल क्षेत्र के श्योपुर जिले में स्थित कुनो राष्ट्रीय उद्यान में पहली बार तेंदुए देखे जा रहे हैं, जो अफ्रीकी चीतों का भी घर है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चंबल नदी में घड़ियाल और डॉल्फिन परियोजना पर भी काम चल रहा है।
एक विज्ञप्ति के मुताबिक, यादव ने कहा कि देश में सबसे अधिक बाघ मध्य प्रदेश में हैं और हजारों पर्यटक उन्हें देखने के लिए राज्य में आते हैं।
मध्य प्रदेश में बाघों की बढ़ती संख्या और उनके संरक्षण के प्रयासों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि के लिए राज्य की जनता के साथ ही वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।
भाषा दिमो शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.