नयी दिल्ली, तीन मार्च ( भाषा ) भारतीय ग्रैंडमास्टर पा इनियान ने हमवतन वी प्रनेश को नौवें और आखिरी दौर में हराकर फ्रांस में चल रहा कान इंटरनेशनल ओपन जीत लिया ।
इनियान ने 7 . 5 अंक हासिल किये जबकि दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय मास्टर आराध्य गर्ग दूसरे स्थान पर रहे ।
मौजूदा विश्व जूनियर चैम्पियन कजाखस्तान के काजिबेक नोदेरबेक के भी सात अंक थे जिन्हें टाइब्रेक के बाद तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा ।
इनियान ने टूर्नामेंट में छह मुकाबले जीते और तीन ड्रॉ खेले । इस जीत से उन्हें 12 रेटिंग अंक मिले और अब वह 2600 ईएलओ अंक के करीब पहुंच गए हैं । उनके 2579 ईएलओ अंक हैं ।
टूर्नामेंट में 25 देशों के 147 खिलाड़ियों ने भाग लिया जिसमें छह ग्रैंडमास्टर और 21 अंतरराष्ट्रीय मास्टर शामिल थे ।
भाषा मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
