scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशअर्थजगतनागर विमानन मंत्री ने पायलटों के लिए ‘इलेक्ट्रॉनिक पर्सनेल लाइसेंस’ की शुरुआत की

नागर विमानन मंत्री ने पायलटों के लिए ‘इलेक्ट्रॉनिक पर्सनेल लाइसेंस’ की शुरुआत की

Text Size:

नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने बृहस्पतिवार को पायलटों के लिए ‘इलेक्ट्रॉनिक पर्सनेल लाइसेंस’ (ईपीएल) की शुरुआत की। यह देश में नागर विमानन के आधुनिकीकरण और सुरक्षा, संरक्षा व दक्षता को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इसके साथ ही भारत चालक दल के सदस्यों के लिए ईपीएल लागू करने वाला दुनिया का दूसरा देश बन गया है। चीन पहले ही ऐसी सुविधा लागू कर चुका है।

मंत्री ने यहां उड़ान भवन में ईपीएल की शुरुआत की।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) द्वारा इलेक्ट्रॉनिक पर्सनेल लाइसेंस (ईपीएल) का कार्यान्वयन सरकार की व्यापार सुगमता तथा डिजिटल इंडिया पहल के अनुरूप है।

ईपीएल को अपनाने से विमानन नवाचार में अग्रणी के रूप में देश की स्थिति मजबूत हुई है। इससे भारत ने न केवल अपने विमानन क्षेत्र की आवश्यकताओं को पूरा किया है, बल्कि अन्य देशों के लिए अनुकरणीय मिसाल भी पेश की है।

यह कदम आधुनिक विमानन प्रशासन के लिए अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन संगठन (आईसीएओ) की रूपरेखा के अनुरूप है और भविष्य के लिए तैयार रहने की देश की तत्परता को दर्शाता है।

नागर विमानन सचिव वुमलुनमंग वुअलनम और डीजीसीए के महानिदेशक (डीजी) फैज अहमद किदवई भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

भाषा निहारिका

निहारिका

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments