scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशअर्थजगतउप्र में औसत प्रति एकड़ गन्‍ना उत्‍पादन की लागत 1,03,091 रुपये : गन्ना मंत्री

उप्र में औसत प्रति एकड़ गन्‍ना उत्‍पादन की लागत 1,03,091 रुपये : गन्ना मंत्री

Text Size:

लखनऊ, 19 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मामलों के मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने बुधवार को कहा कि उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद ने वर्तमान पेराई सत्र 2024-25 के लिए औसत गन्ना उत्पादन लागत 1,03,091 रुपये प्रति एकड़ का आकलन किया है।

विधानसभा में बुधवार को बजट सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल में समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्य पंकज कुमार मलिक के सवालों का जवाब देते हुए चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद, शाहजहांपुर द्वारा वर्तमान पेराई सत्र 2024-25 हेतु औसत गन्ना उत्पादन लागत 1,03,091 रुपये प्रति एकड़ का आकलन किया गया है।

चौधरी ने बताया कि इसी क्रम में प्रदेश में वर्तमान पराई सत्र 2024-25 के लिए औसत गन्ना उत्पादकता 340.49 क्विंटल प्रति एकड़ है।

चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार ने वर्तमान पेराई सत्र 2024-25 से गन्ने के राज्य परामर्शित मूल्य का निर्धारण किया है। इसके तहत अगेती प्रजातियों के लिए 370 रुपये प्रति क्विंटल, सामान्य प्रजातियों के लिए 360 रुपये प्रति क्विंटल और अनुपयुक्‍त प्रजातियों के लिए 355 रुपये प्रति क्विंटल का निर्धारण है।

एक पूरक प्रश्‍न के उत्तर में चौधरी ने बताया कि गन्ना किसानों को पिछले सत्र का पूरा भुगतान कर दिया गया है और मौजूदा सत्र में 80 प्रतिशत से अधिक भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि ‘हमारी प्राथमिकता किसानों के हित को सर्वोपरि रखना है।’

भाषा

भाषा आनन्द

राजकुमार अनुराग

अनुराग

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments