scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशअर्थजगतजेएसडब्ल्यू फाउंडेशन गुलमर्ग स्की रिजॉर्ट को विश्वस्तरीय गंतव्य बनाएगा

जेएसडब्ल्यू फाउंडेशन गुलमर्ग स्की रिजॉर्ट को विश्वस्तरीय गंतव्य बनाएगा

Text Size:

मुंबई, 30 जनवरी (भाषा) जेएसडब्ल्यू समूह के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक सज्जन जिंदल ने बृहस्पतिवार को उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग के प्रसिद्ध स्की रिजॉर्ट को छुट्टियों के लिए विश्वस्तरीय गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए विभिन्न पहल की घोषणा की।

जिंदल ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद यह घोषणा की, जो यहां एमआईसीई (बैठकें, प्रोत्साहन, सम्मेलन, प्रदर्शनी) कार्यक्रम के दौरान कई उच्चस्तरीय आमने-सामने की बैठकों में शामिल थे।

जिंदल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ बहुत अच्छी बैठक हुई। हमने गुलमर्ग के साथ-साथ स्की ढलानों के विकास पर चर्चा की ताकि इसे स्कीइंग और छुट्टियों के लिए विश्वस्तरीय गंतव्य बनाया जा सके। जेएसडब्ल्यू समूह जेएसडब्ल्यू फाउंडेशन के माध्यम से विभिन्न पहल करेगा!”

ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर से लगभग 50 किलोमीटर दूर गुलमर्ग कश्मीर आने वाले पर्यटकों, खासकर शीतकालीन खेल प्रेमियों के लिए मुख्य आकर्षण है।

यह 22 से 25 फरवरी तक पांचवें खेलो इंडिया विंटर गेम्स (केआईडब्ल्यूजी) 2025 की मेजबानी कर रहा है, जिसमें 35 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और खेल बोर्डों के 1,000 से अधिक एथलीट के अल्पाइन स्कीइंग, नॉर्डिक स्कीइंग, स्की पर्वतारोहण, स्नोबोर्डिंग और एक प्रदर्शन खेल-स्नोशू रेसिंग जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने की उम्मीद है।

जिंदल की पोस्ट को शेयर करने वाले अब्दुल्ला ने कहा कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर की अप्रयुक्त क्षमता का दोहन करने के लिए एमआईसीई कार्यक्रम में क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने अपने कार्यालय द्वारा ‘एक्स’ पर साझा की गई एक अन्य पोस्ट में लिखा, ‘‘… जम्मू-कश्मीर सिर्फ धरती पर स्वर्ग नहीं है – यह भारत का हर मौसम में आश्चर्य का प्रवेश द्वार है।’’

जम्मू-कश्मीर सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि बुधवार शाम मुख्यमंत्री और उद्योग क्षेत्र के दिग्गजों के बीच चर्चा में खेल, फैशन, पाक कला, स्वास्थ्य, स्वास्थ्य सेवा और प्रौद्योगिकी सहित विविध क्षेत्रों में सहयोग को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया गया।

उन्होंने कहा कि प्रमुख बातचीत में टेनिस के दिग्गज विजय अमृतराज और उनकी टीम ने जम्मू-कश्मीर में गोल्फ पर्यटन और खेल बुनियादी ढांचे के विकास को बढ़ावा देने पर चर्चा की।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय अनुराग

अनुराग

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments