scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमविदेशयूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के लिए कोई समयसीमा निर्धारित करना कठिन है : पुतिन

यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के लिए कोई समयसीमा निर्धारित करना कठिन है : पुतिन

Text Size:

मॉस्को, 18 अक्टूबर (भाषा) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने के लिए कोई समयसीमा निर्धारित करना कठिन है लेकिन उन्हें यकीन है कि इसमें उनका देश जीतेगा।

उन्होंने यूक्रेन में युद्ध के संबंध में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जताई गई चिंता को लेकर उनकी तारीफ की।

यहां मीडिया से बातचीत में रूसी नेता ने कहा कि उनका देश वार्ता के पक्ष में है लेकिन इस दिशा में की गयी कोशिश को यूक्रेन ने ही पलीता लगा दिया।

जब ‘पीटीआई’ ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें रूस और यूक्रेन के बीच शांति संबंधी वार्ता में भारत की भूमिका नजर आती है तो उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा व्यक्त की गयी चिंता का हवाला दिया और मोदी को ‘मित्र’ बताया।

पुतिन ने कहा कि रूस इसके लिए ‘आभारी’ है।

रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि युद्ध समाप्त करने के लिए कोई समयसीमा निर्धारित करना कठिन है। उन्होंने रूस को युद्ध में धकेलने के लिए अमेरिका और उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) को दोषी ठहराया तथा कहा कि उनका देश विजयी होगा।

उन्होंने कहा कि यूक्रेन की सेना अपने बलबूते इतनी सटीकता के साथ हथियारों को लक्ष्य तक नहीं पहुंचा सकती है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह सब नाटो पेशेवरों द्वारा किया जाता है। लेकिन आप जानते हैं कि फर्क क्या है। नाटो हमारे खिलाफ युद्ध लड़ रहा है।’’

उन्होंने कहा कि रूसी सेना दुनिया की सबसे अधिक प्रभावी और उच्च तकनीक वाली सेनाओं में से एक बन गई है और नाटो “हमारे खिलाफ यह युद्ध लड़ते-लड़ते थक जाएगा।’’

पुतिन ने एक दुभाषिया के माध्यम से विदेशी पत्रकारों के एक समूह से कहा, ‘‘हम बढ़त हासिल करेंगे। हम जीतेंगे।’’

रूसी नेता ने शांति वार्ता की इच्छा व्यक्त की और यूक्रेन पर पहले के प्रयासों से पीछे हटने का आरोप लगाया।

कुछ सप्ताह पहले अपने वक्तव्य में पुतिन ने कहा था कि रूस इस मुद्दे पर भारत, चीन और ब्राजील के संपर्क में है।

भाषा

राजकुमार रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments