scorecardresearch
Wednesday, 11 February, 2026
होमविदेशपन्नू मामला: मंगलवार को अमेरिका यात्रा पर होगी भारतीय जांच समिति

पन्नू मामला: मंगलवार को अमेरिका यात्रा पर होगी भारतीय जांच समिति

Text Size:

वाशिंगटन, 14 अक्टूबर (भाषा) अमेरिकी विदेश विभाग ने सोमवार को कहा कि एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की नाकाम साजिश में एक भारतीय सरकारी अधिकारी की संलिप्तता के आरोपों की जांच के लिए गठित भारतीय जांच समिति मंगलवार को यहां आएगी।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘जांच समिति अपनी तफ्तीश के तहत मामले पर बातचीत के लिए 15 अक्टूबर को वाशिंगटन की यात्रा करेगी। इस दौरान, प्राप्त सूचनाओं पर बातचीत की जाएगी और यहां के अधिकारियों से ताजा जानकारी प्राप्त की जाएगी।’’

भारत ने कुछ संगठित अपराधियों की गतिविधियों की जांच करने के लिए समिति की स्थापना की थी और यह उस व्यक्ति की सक्रियता से जांच कर रही है, जिसकी पहचान पिछले साल न्याय विभाग के अभियोग में एक भारतीय सरकारी कर्मचारी के रूप में की गई थी, जिस पर न्यूयॉर्क शहर में एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की साजिश रचने का निर्देश देने का आरोप था लेकिन साजिश नाकाम रही।

विदेश विभाग ने कहा, ‘‘इसके अतिरिक्त, भारत ने अमेरिका को सूचित किया है कि वे पूर्व सरकारी कर्मचारी के अन्य संबंधों की जांच के लिए अपने प्रयास जारी रख रहे हैं और आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई तय करेंगे।’’

पिछले साल नवंबर में, अमेरिकी संघीय अभियोजकों ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता पर न्यूयॉर्क में सिख अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश में एक भारतीय सरकारी अधिकारी के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया था।

गुप्ता को पिछले साल जून में चेक गणराज्य में गिरफ्तार किया गया था और 14 जून को उसे अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया। भारत ने आरोपों से इनकार किया है, लेकिन इसकी जांच के लिए एक आंतरिक जांच दल का गठन किया है।

भाषा वैभव अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments