(फोटो के साथ)
धनबाद, 26 सितंबर (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल जाने के बाद खुद को ‘‘शहीद के तौर पर पेश करने’’ के लिए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बृहस्पतिवार को आलोचना की और जनता से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार को सत्ता से हटाने की अपील की।
सिंह ने यहां परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाने के बाद ‘शहीद’ बनकर घूम रहे हैं। भ्रष्टाचार के आरोप में जेल में जाना क्या कोई शहादत है?… ऐसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री झारखंड को विकास की ओर नहीं ले जा सकते।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी ताकतों को बाहर का रास्ता दिखाएं और राज्य के अभूतपूर्व विकास के लिए भाजपा को लगातार दो कार्यकाल दें।’’
सिंह ने वर्तमान सरकार पर राजनीतिक लाभ के लिए ‘‘घुसपैठ और धर्मांतरण’’ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया तथा इसकी तुलना भाजपा के उस वादे से की जिसमें उसने सत्ता में आने के तीन साल के भीतर सभी के लिए घर बनाने का वादा किया था।
उन्होंने ‘‘एक देश, एक चुनाव’’ नीति की भी वकालत की और कहा कि इससे सरकारी खजाने में चार लाख करोड़ रुपये की बचत हो सकती है, क्योंकि बार-बार चुनाव कराने से देश को लगभग सात लाख करोड़ रुपये का नुकसान होता है।
सिंह ने विदेशों में भारत की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की और कहा कि भारत अब एक कमजोर देश नहीं है।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.