इंदौर (मध्यप्रदेश), 16 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ नेता सुरेश भैयाजी जोशी ने सोमवार को कहा कि इन दिनों देश तोड़ने वाली शक्तियां सक्रिय हो रही हैं और इसके मद्देनजर ‘‘एक देश, एक भाव’’ का विचार प्रबल किए जाने की आवश्यकता है।
जोशी ने इंदौर में ‘लोकमाता अहिल्या बाई का आध्यात्मिक शासन’ विषय पर आयोजित व्याख्यान में कहा, ‘‘आज देश तोड़ने वाले शक्तियां सक्रिय हो रही हैं। ऐसी अवस्था में एक देश, एक भाव की भावना जागृत करने का प्रयास करने वाली शक्तियां प्रभावी होनी चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि इन दिनों देश में अलग-अलग प्रकार के दुराचारों का वातावरण बना हुआ है और ऐसे माहौल में समाज को अच्छे विचारों की प्रेरणा देने वाली शक्तियों का स्मरण आवश्यक हो जाता है। जोशी, संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं।
उन्होंने कहा,‘‘आज भ्रष्ट शासन है। इस भ्रष्ट शासन का समाधान देवी अहिल्या बाई और अन्य कई भारतीय राजाओं की आदर्श शासन व्यवस्था का अध्ययन करते हुए निकाला जा सकता है।’’
उन्होंने इंदौर के पूर्व होलकर राजवंश की शासक देवी अहिल्या बाई को उनके कुशल प्रशासन, धार्मिक व परमार्थिक कार्यों, महिला सशक्तिकरण और समाज सुधार के लिए याद किया।
जोशी ने कहा कि देवी अहिल्या बाई के जीवन के कई सिद्धांतों को वर्तमान संदर्भ में जस का तस लागू किए जाने की आवश्यकता है।
भाषा हर्ष जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.