ढाका, एक सितंबर (भाषा) बांग्लादेश पुलिस ने रविवार को देश के लोगों को आदेश दिया कि वे हालिया हिंसा के दौरान पुलिस थानों से लूटे गए सभी हथियार और गोला-बारूद तीन सितंबर तक वापस कर दें। मीडिया में आई खबर में यह जानकारी दी गई।
‘द डेली स्टार’ अखबार की खबर के मुताबिक, बांग्लादेश में हालिया आरक्षण विरोधी आंदोलन में भड़की हिंसा के दौरान देशभर के थानों से हथियार लूटे गए थे।
पुलिस मुख्यालय ने एक निर्देश में कहा कि पुलिस के लूटे गए हथियार और गोला-बारूद मंगलवार तक लौटा दिए जाएं।
खबर में कहा गया कि शनिवार तक कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने हालिया हिंसा के दौरान पुलिस थानों और कार्यालयों से लूटे गए विभिन्न प्रकार के कुल 3,872 हथियार बरामद किए। इसके अलावा, 2,86,216 कारतूस, आंसू गैस के 22,201 गोले और 2,139 ग्रेनेड भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस का आदेश अंतरिम सरकार के उस निर्णय के बाद आया है जिसमें उसने शेख हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार के 15 साल से अधिक के कार्यकाल के दौरान लोगों को जारी किए गए सभी आग्नेयास्त्र लाइसेंस निलंबित करने को कहा था।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
