scorecardresearch
Thursday, 5 February, 2026
होमविदेशपूर्वी नेपाल में भूस्खलन से छह लोगों की मौत

पूर्वी नेपाल में भूस्खलन से छह लोगों की मौत

Text Size:

काठमांडू, 25 अगस्त (भाषा) नेपाल के बागमती प्रांत में रविवार को भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में तीन घरों के ढहने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

भूस्खलन बागमती प्रांत में रामेछाप जिले के दोरम्बा शैलुंग ग्रामीण नगरपालिका क्षेत्र में हुआ।

पुलिस के मुताबिक, मरने वालों में 57 साल की एक महिला, 30 साल के दो युवक, 11 और 14 साल के लड़के तथा 18 महीने का एक बच्चा शामिल है।

घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से 11 साल की एक लड़की को बचा लिया।

इस सप्ताह की शुरुआत में, पश्चिमी नेपाल में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन की अलग-अलग घटनाओं में दो परिवारों के सात लोगों की मौत हो गई थी।

पिछले महीने, चितवन जिले के नारायणघाट-मुगलिंग मार्ग के किनारे सिमलताल क्षेत्र में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ था जिससे सात भारतीयों सहित 65 यात्रियों को ले जा रही दो बस बह गई थीं।

पर्वतीय क्षेत्र होने के कारण नेपाल की नदियां आमतौर पर तेज गति से बहती हैं। जून से सितंबर तक मानसून के महीनों में अकसर भूस्खलन की घटनाएं होती हैं।

भाषा नेत्रपाल सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments