scorecardresearch
Wednesday, 4 February, 2026
होमविदेशब्रिटिश विश्वविद्यालयों के प्रति घट रहा भारतीय विद्यार्थियों का रुझान: आंकड़ों में खुलासा

ब्रिटिश विश्वविद्यालयों के प्रति घट रहा भारतीय विद्यार्थियों का रुझान: आंकड़ों में खुलासा

Text Size:

(अदिति खन्ना)

लंदन, 22 अगस्त (भाषा) ब्रिटेन में पढ़ाई के लिए वीजा प्राप्त करने के मामले में भले ही भारतीय विद्यार्थी शीर्ष पर बने हुए हैं, लेकिन प्रवासन प्रतिबंधों के कारण ब्रिटिश विश्वविद्यालयों में आवेदन करने के प्रति उनका रुझान घट रहा है। यह खुलासा बृहस्पतिवार को ब्रिटेन के गृह मंत्रालय द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों से हुआ है।

गृह मंत्रालय की ओर से जून 2024 को समाप्त हुए गत एक वर्ष के जारी आंकड़ों के मुताबिक, उच्च अध्ययन के लिए ब्रिटेन आने वाले भारतीय विद्यार्थियों की संख्या में 23 प्रतिशत की कमी आई है। परंतु, स्नातक शिक्षा के आधार पर वीजा पर रहने की अनुमति प्राप्त करने के मामले में वे सबसे बड़े समूह का प्रतिनिधित्व करते हैं। इस श्रेणी के वीजा में विदेशी छात्रों को उनकी डिग्री के बाद दो साल तक ब्रिटेन में काम करने की अनुमति मिलती है।

भारतीय विद्यार्थियों की संख्या में यह गिरावट अधिकतर छात्र वीजा धारकों के अपने साथ आश्रित पारिवारिक सदस्यों को लाने के अधिकार पर कड़े प्रतिबंधों के प्रभाव का पहला संकेत है, जो इस वर्ष के शुरू में लागू हुआ था।

गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, ‘‘जून 2024 को समाप्त हुए वर्ष में मुख्य आवेदकों में भारतीय नागरिक थे जिन्हें 1,10,006 प्रायोजित अध्ययन वीजा दिए गए (कुल का 25 प्रतिशत), जो पिछले वर्ष की तुलना में 32,687 कम है।’’

रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘2019 से 2023 के बीच विदेशी छात्रों की संख्या में अधिकांश वृद्धि भारतीय और नाइजीरियाई नागरिकों की थी, लेकिन नवीनतम वर्ष में इन देशों के विद्यार्थियों की संख्या में (क्रमशः 23 प्रतिशत और 46 प्रतिशत) गिरावट आई है।’’

भारत-ब्रिटेन युवा पेशेवर योजना के तहत युवा स्नातकों को किसी भी देश में दो वर्ष तक रहने और काम करने के लिए दो-तरफा आवाजाही की सुविधा प्राप्त है। इसके तहत पिछले वर्ष फरवरी में प्रथम चरण में 2,234 भारतीय नागरिक ब्रिटेन आए जो वार्षिक 3,000 वीजा सीमा से काफी कम है।

इस बीच, पिछले वर्ष विजिटर वीजा पर ब्रिटेन की यात्रा करने वाले विदेशियों की सूची में भारतीय शीर्ष स्थान पर हैं जिन्हें 25 प्रतिशत ब्रिटिश ‘विजिटर वीजा’ प्रदान किए गए, जबकि चीनी नागरिकों को 24 प्रतिशत वीजा प्रदान किए गए।

आंकड़ों के मुताबिक, ‘‘अप्रैल और जून 2024 के बीच ‘स्वास्थ्य और देखभाल कार्यकर्ता’ मुख्य आवेदकों के दिए वीजा की संख्या 81 प्रतिशत घटकर 6,564 रह गई, जबकि 2023 में इसी अवधि में 35,470 वीजा थे।’’

भाषा धीरज नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments