scorecardresearch
Monday, 2 February, 2026
होमविदेशबांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने सलाहकार परिषद के सदस्यों के विभागों की घोषणा की

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने सलाहकार परिषद के सदस्यों के विभागों की घोषणा की

Text Size:

ढाका, नौ अगस्त (भाषा) बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस ने शुक्रवार को नवनियुक्त सलाहकार परिषद के विभागों की घोषणा की और रक्षा सहित 27 मंत्रालयों का प्रभार अपने पास रखा तथा अनुभवी राजनयिक मोहम्मद तौहीद हुसैन को विदेश मंत्रालय का प्रमुख नियुक्त किया।

नोबेल पुरस्कार से सम्मानित 84 वर्षीय यूनुस ने बृहस्पतिवार को अंतरिम सरकार के प्रमुख के रूप में शपथ ली। उन्होंने शेख हसीना की जगह ली है। हसीना ने नौकरियों में विवादास्पद आरक्षण प्रणाली को लेकर अपनी सरकार के खिलाफ हुए जबर्दस्त विरोध प्रदर्शनों के बाद अचानक इस्तीफा दे दिया था और देश छोड़कर भारत चली गई थीं। यूनुस ने मुख्य सलाहकार के रूप में शपथ ली – जो प्रधानमंत्री के समकक्ष पद है।

अन्य सलाहकारों का चयन छात्र नेताओं, सेना और नागरिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के परामर्श से किया गया।

एक आधिकारिक घोषणा के अनुसार, यूनुस ने रक्षा, लोक प्रशासन, शिक्षा, ऊर्जा, खाद्य, जल संसाधन और सूचना मंत्रालय सहित 27 विभागों का प्रभार अपने पास रखा है।

पूर्व विदेश सचिव हुसैन को विदेश मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है, जबकि सेना के सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर जनरल एम सखावत हुसैन को गृह मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है।

हुसैन 2001 से 2005 तक कोलकाता में बांग्लादेश के उप उच्चायुक्त थे और 2006 से 2009 तक बांग्लादेश के विदेश सचिव रहे।

बांग्लादेश बैंक के पूर्व गवर्नर सलाहुद्दीन अहमद वित्त और योजना मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि पूर्व अटॉर्नी जनरल ए एफ हसन आरिफ स्थानीय सरकार मंत्रालय का प्रभार संभालेंगे।

अंतरिम मंत्रिमंडल में शामिल किए गए ‘स्टूडेंट्स अगेंस्ट डिस्क्रिमिनेशन’ के दो समन्वयकों एम नाहिद इस्लाम और आसिफ महमूद को क्रमशः दूरसंचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा युवा एवं खेल मंत्रालयों का प्रभार दिया गया।

समूह ने पिछले महीने सरकारी नौकरियों के लिए आरक्षण प्रणाली में सुधार के लिए सबसे पहले सड़क पर आंदोलन चलाया, जो बाद में एक सार्वजनिक विद्रोह में तब्दील हो गया और हसीना के 15 साल के शासन का अंत कर अंतरिम सरकार स्थापित की, जिसे सेना का स्पष्ट समर्थन प्राप्त था।

सलाहकार परिषद के तीन सदस्य बृहस्पतिवार रात राष्ट्रपति भवन ‘बंगभवन’ में शपथ नहीं ले सके, क्योंकि वे राजधानी से बाहर थे और अधिकारियों ने अनुमान लगाया कि यूनुस उन्हें 27 विभागों में से कुछ दे सकते हैं। इन तीनों में ज्यादातर नागरिक संस्थाओं के लोग हैं।

भाषा अमित दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments