scorecardresearch
Sunday, 1 February, 2026
होमविदेशलेबनान में भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए यात्रा परामर्श जारी किया

लेबनान में भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए यात्रा परामर्श जारी किया

Text Size:

दुबई, 29 जुलाई (भाषा) लेबनान स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को अपने नागरिकों के लिए परामर्श जारी कर उन्हें सावधानी बरतने और मिशन के संपर्क में रहने की सलाह दी है।

इजराइल और लेबनानी चरमपंथी समूह हिजबुल्ला के बीच बढ़ते तनाव के बीच यह परामर्श जारी किया गया।

पिछले साल आठ अक्टूबर से, इजराइली सैनिकों और हिजबुल्ला के बीच झड़पें हो रही हैं। शनिवार को यह संघर्ष उस समय और बढ़ गया जब लेबनानी चरमपंथी समूह द्वारा इजराइल के फुटबॉल के एक मैदान पर रॉकेट हमला किया गया जिसमें कम से कम 12 बच्चे और किशोर मारे गए।

इजराइली अधिकारियों के अनुसार, इजराइल और हिजबुल्ला के बीच लड़ाई शुरू होने के बाद से यह देश की उत्तरी सीमा पर किया गया सबसे घातक हमला था। इस हमले से व्यापक क्षेत्रीय युद्ध की आशंका पैदा हो गई है।

लेबनान की राजधानी बेरूत में मौजूद भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘क्षेत्र में बने ताजा हालात के मद्देनजर लेबनान में मौजूद और लेबनान की यात्रा करने पर विचार कर रहे भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने और दूतावास के संपर्क में बने रहने की सलाह दी जा रही है।’’

भारतीय दूतावास ने नागरिकों के संपर्क करने हेतु ई-मेल और आपातकालीन फोन नंबर भी जारी किया है।

इजराइल के कब्जे वाले गोलन हाइट्स में शनिवार को एक फुटबॉल के मैदान में रॉकेट गिरने के बाद 12 बच्चों और किशोरों की मौत हो गई थी।

हिजबुल्ला ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। लेकिन, इजराइल का आरोप है कि यह हमला हिजबुल्ला की ओर से ही किया गया है।

भाषा रवि कांत सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments