इस्लामाबाद, 29 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान की एक अदालत ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी के नेता की हिरासत अवधि दो दिन बढ़ा दी है, जबकि सोशल मीडिया के लिए काम करने वाली एक महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सोमवार को ‘डॉन’ समाचार पत्र की एक खबर के अनुसार, संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) ने खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के केंद्रीय सूचना सचिव रऊफ हसन को तीन दिन की हिरासत खत्म होने के बाद रविवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश मुरीद अब्बास के समक्ष पेश किया गया था।
रिपोर्ट में कहा गया है कि दलीलों के बाद न्यायाधीश ने हसन की हिरासत दो और दिन के लिए बढ़ा दी।
बृहस्पतिवार को पिछली सुनवाई के दौरान एफआईए ने अदालत में एक रिपोर्ट पेश की, जिसमें दावा किया गया कि हसन को रोजाना विदेश से “संदेश, ऑडियो, ग्राफिक्स और वीडियो के माध्यम से निर्देश” मिलते थे।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि वह पार्टी की सोशल मीडिया टीमों की देखरेख करते हैं, जो “हिंसा भड़काने, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने और साइबर आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए” सोशल मीडिया मंच पर ‘ट्रेंड’ चलाती हैं।
एफआईए ने सैयदा अरूबा कंवल को भी अदालत में पेश किया, जो कथित तौर पर पीटीआई से जुड़ी हुई थीं।
एफआईए अभियोजक ने दावा किया कि कंवल सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पार्टी के खाते का संचालन कर रही थीं।
दलीलें सुनने के बाद न्यायाधीश ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भाषा
जोहेब पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
