बेंगलुरु, सात जुलाई (भाषा) केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर आंतरिक कलह में फंसे होने का आरोप लगाते हुए रविवार को कहा कि राज्य के लोगों को डेंगू के बढ़ते मामलों और कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति जैसी परेशानियों से बचाने के लिए मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उनके प्रशासन को ”जागने” की जरुरत है।
करंदलाजे ने राज्य और बेंगलुरु शहर में रुकी हुई बुनियादी ढांचा संबंधी परियोजनाओं को लेकर कांग्रेस सरकार पर ”गहरी नींद” में होने और मुख्यमंत्री तथा उपमुख्यमंत्री पदों के लिए प्रतिस्पर्धा में उलझे होने का भी आरोप लगाया।
बेंगलुरु उत्तर के सांसद करंदलाजे ने सिद्धरमैया सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपनी आंतरिक कलह के कारण जनता को भूल गई है।
करंदलाजे ने कहा, ‘‘बेंगलुरु शहर और राज्य में कई मुद्दे हैं और यहां कोई सरकार नहीं है जो इस पर ध्यान दे। यह सरकार गहरी नींद में है। इस सरकार को कुछ भी कहने का कोई फायदा नहीं है, यह पत्थर पर पानी डालने जैसा होगा।’’
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस सरकार में केवल एक ही बात हो रही है कि कौन मुख्यमंत्री और कौन उपमुख्यमंत्री बनेगा, केवल इसकी होड़ मची हुई है। और इसी प्रतिस्पर्धा तथा आंतरिक कलह के कारण कर्नाटक में जो सरकार है, वो राज्य के लोगों को भूल गई है। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘सरकार को तुरंत जागना होगा, इससे पहले कि और लोगों की जान चली जाए। साथ ही कानून व्यवस्था की स्थिति भी खराब हो गई है, दुष्कर्म, हत्या, दिनदहाड़े हत्या के कई मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन ऐसी स्थिति है कि सवाल उठाने वाला कोई नहीं है। इसलिए मैं सरकार और मुख्यमंत्री से आग्रह करता हूं कि वे जागें और लोगों की सुरक्षा करें। ’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता ने कहा कि डेंगू के साथ-साथ कर्नाटक में जीका वायरस के मामले भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग अस्पतालों में भर्ती हो रहे हैं और दवाओं की उपलब्धता तथा उनकी कीमतों को लेकर भी समस्याएं हैं।
करंदलाजे ने बेंगलुरु की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘बैंगलोर जल आपूर्ति और सीवरेज बोर्ड (बीडब्ल्यूएसएस) कुशलता से काम नहीं कर रहा है, पाइपों में रिसाव है, जिससे पानी और सीवेज जमा हो गया है। न तो सरकार और न ही उसके विभाग इस पर ध्यान दे रहे हैं।’’
भाषा
रवि कांत रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.