कोलकाता, 29 जनवरी (भाषा) कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई ने पार्टी के नेता राहुल गांधी के बारे में कथित तौर पर “अशोभनीय और अपमानजनक टिप्पणी’ के लिए सोमवार को भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
हाल ही में एक वीडियो सामने आया था, जिसमें अधिकारी ने सोमवार सुबह पश्चिम बंगाल से बिहार में प्रवेश करने वाली कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ का जिक्र करते हुए राहुल गांधी के बारे में कथित तौर पर अपमानजनक टिप्पणी की थी।
हालांकि, ‘पीटीआई-भाषा’ स्वतंत्र रूप से वीडियो क्लिप की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सकता।
प्रदेश कांग्रेस के नेता शुभांकर सरकार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हमने हमारे नेता राहुल गांधी के खिलाफ अशोभनीय और अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। यह व्यवहार अस्वीकार्य और अपमानजनक है। हमने पुलिस से तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है।”
कांग्रेस ने अधिकारी से बिना शर्त माफी की भी मांग की।
शिकायत उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी थाने में दर्ज कराई गई है।
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
