नयी दिल्ली, 29 जनवरी (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल वी. के. सक्सेना ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ‘परीक्षा पे चर्चा-2024’ के दौरान दिए गए सुझाव न केवल छात्रों बल्कि शिक्षकों, अभिभावकों और हर आम आदमी के लिए उपयोगी हैं।
सक्सेना ने छात्रों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों के साथ सरोजिनी नगर के नवयुग स्कूल में ‘परीक्षा पे चर्चा-2024’ का सीधा प्रसारण देखा। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि उसने इस कार्यक्रम का आयोजन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को कहा कि दबाव से निपटने में मदद करने के लिए बच्चों में लचीलापन पैदा करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने जोर देते हुए कहा अभिभावकों और शिक्षकों को सामूहिक रूप से छात्रों के सामने आने वाली चुनौतियों का समाधान करना चाहिए।
मोदी ने अपने वार्षिक ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के दौरान छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों के साथ बातचीत करते हुए माता-पिता को अपने बच्चे के रिपोर्ट कार्ड को अपना ‘विजिटिंग कार्ड’ न मानने की सलाह दी और सुझाव दिया कि छात्रों को दूसरों से नहीं बल्कि खुद से प्रतिस्पर्धा करनी चाहिए।
उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘पढ़ाई केवल स्कूल-कॉलेजों के गलियारों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि जीवन का हर पल हमें कुछ सिखाता है।’’
उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने परीक्षा और शिक्षा के मुद्दे पर छात्रों के साथ बातचीत की, हम उसके लिए आभारी हैं। वह पहले प्रधानमंत्री हैं जो छात्रों के साथ बातचीत करते हैं।’’
सक्सेना ने कहा, ‘‘उन्होंने प्रत्येक छात्र और उनके माता-पिता को तनाव दूर करने के लिए सुझाव दिए और छात्रों को परीक्षा के दौरान संगीत, खेल और अपने शौक पूरे करने की भी सलाह दी।’’
उपराज्यपाल ने कहा कि ये सुझाव न केवल छात्रों बल्कि शिक्षकों, अभिभावकों और हर आम आदमी के लिए उपयोगी हैं।
भाषा जोहेब शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
