scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशराजस्थान में एक बार फिर सभी 25 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेंगे : भाजपा

राजस्थान में एक बार फिर सभी 25 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेंगे : भाजपा

Text Size:

जयपुर, 27 जनवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को यहां विश्वास जताया कि पार्टी राज्य में एक बार फिर राज्य की सभी 25 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

उन्होंने कहा कि दुनिया भर में भारत व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता बढ़ी है।

त्रिवेदी आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारी को लेकर यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में मीडिया एवं सोशल मीडिया कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।

पार्टी के बयान के अनुसार, राज्यसभा सदस्य त्रिवेदी ने कहा कि आज प्रधानमंत्री मोदी इस काल को अमृतकाल इसलिए कहते हैं कि क्योंकि उनके नेतृत्व वाली सरकार ने देश में मानसिक गुलामी से आजादी दिलाई है। आज भारत आर्थिक वृद्धि दर में आगे बढ़ रहा है तो वहीं विश्व में भारत और प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता बढ़ रही है।

उन्होंने कहा, ”तीसरी बार केंद्र में भाजपा सरकार बनने जा रही है और राजस्थान की जनता लगातार तीसरी बार भाजपा को लोकसभा की 25 सीटें जिताने का मन बना चुकी है। तीन बार 25 सीटें जीतने पर तीनों का योग हुआ 75 तो हम यह मान सकते हैं कि राजस्थान अमृत महोत्सव मनाने जा रहा है।”

इस दौरान उन्होंने नव मतदाताओं को साधने पर भी बल दिया।

भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सी.पी. जोशी ने कहा कि भाजपा के पास जो विजन है वह देश की किसी पार्टी के पास नहीं है और हमारा लक्ष्य सभी 25 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करना है।

उन्होंने कहा, ”मीडिया के क्षेत्र में कंटेंट सबसे महत्वपूर्ण चीज होता है। हमें प्रधानमंत्री मोदी के 10 साल के ऐतिहासिक कार्यों को लेकर जनता के बीच जाना है।”

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ता को जो दायित्व पार्टी की ओर से दिया जाता है उसे पूरी लगन और मेहनत के साथ पूरा करें।

उन्होंने कहा, ”हमें संगठित होकर काम करना है और प्रदेश की सभी 25 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करनी है।”

भाषा पृथ्वी जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments