scorecardresearch
Sunday, 6 October, 2024
होमदेशकांग्रेस महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करेगी : लांबा

कांग्रेस महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करेगी : लांबा

Text Size:

मुंबई, 25 जनवरी (भाषा) अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी सत्ता में आने पर राज्य विधानसभाओं और संसद में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करेगी।

उन्होंने यहां पत्रकारों से बात करते हुए यह भी आरोप लगाया कि महिलाओं पर अत्याचार करने वाले केवल भाजपा शासित राज्यों में खुलेआम घूम रहे हैं।

लांबा ने कहा, ‘‘दिवंगत प्रधानमंत्री राजीव गांधी के दूरदर्शी नेतृत्व ने पंचायती राज में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करके राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाया। कांग्रेस पार्टी राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत महिला उम्मीदवार मैदान में उतारकर एक ऐतिहासिक कदम उठाया। भाजपा सरकार को महिला आरक्षण पर निर्णय लेने में दस साल लग गए, लेकिन अब भी इसे लागू नहीं किया गया है।’’

महाराष्ट्र के तीन दिवसीय दौरे पर आईं लांबा ने कहा, ‘‘अगर कांग्रेस सत्ता में आई, तो महिला आरक्षण लागू किया जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि वह राज्य में अपनी बैठकों के दौरान प्रदेश महिला कांग्रेस को मजबूत करने, राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ और आगामी लोकसभा चुनाव के बारे में विस्तृत चर्चा करेंगी।

लांबा ने कहा, ‘‘महिलाओं पर अत्याचार करने वाले केवल उन्हीं राज्यों में आजाद घूम रहे हैं, जहां ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का नारा देने वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार है।’’

उन्होंने दावा किया कि मुंबई में संपन्न होने वोली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ ऐतिहासिक है और इसे पूर्वोत्तर भारत में जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है, जिसने असम की भाजपा सरकार को परेशान कर दिया है।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments