scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमखेलअदिति को अर्जुन पुरस्कार लेते हुए देखने के लिए माता-पिता औपचारिक पोशाक खरीदने पहुंचे पालिका बाजार

अदिति को अर्जुन पुरस्कार लेते हुए देखने के लिए माता-पिता औपचारिक पोशाक खरीदने पहुंचे पालिका बाजार

Text Size:

… तपन मोहंता…

  कोलकाता, आठ जनवरी (भाषा) तीरंदाज अदिति स्वामी के माता-पिता अपनी बेटी के अर्जुन पुरस्कार समारोह में शामिल होने के लिए सोमवार सुबह को कड़ाके की सर्दी के बीच दिल्ली पहुंचने के बाद ‘सूट (कार्यक्रम के लिए औपचारिक पोशाक)’ ढूंढने के लिए पालिका बाजार गये। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में एक औपचारिक समारोह में वार्षिक राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान करेंगी।। दिल्ली पहुंचने के बाद महाराष्ट्र  के सतारा की इस तीरंदाज के पिता गोपीचंद और माता शैला स्वामी को एहसास हुआ कि वे राष्ट्रपति की उपस्थिति में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में पहनने के लिए बिना औपचारिक पोशाक के आए हैं। ऐसे में वे अपने जीवन के ‘सबसे खास दिन’ के लिए औपचारिक कपड़े खरीदने के लिए कनॉट प्लेस के पालिका बाजार पहुंचे। गोपीचंद ने दिल्ली से ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हम अपने सामान्य कपड़ों के साथ आए हैं लेकिन यहां आने के बाद अदिति ने मुझसे कहा कि हमें इस अवसर के लिए कुछ औपचारिक पोशाक चाहिये।’’ सतारा में कन्हेर गांव के प्राथमिक विद्यालय के गणित के शिक्षक गोपीचंद ने कहा, ‘‘हमारे बच्चे को राष्ट्रपति से अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करते देखना हमारे लिए गर्व का एक अद्वितीय क्षण होगा। यह एक माता-पिता के लिए सबसे यादगार पल होगा। इसके लिए हमें तैयार रहना चाहिए।’’ अदिति पिछले साल सबसे कम उम्र की विश्व तीरंदाजी चैम्पियन बनी थी। इसके बाद से उनकी जीवन में कई सकारात्मक बदलाव आये। अदिति की अब तक के सफर पर गौरवान्वित होते हुए गोपीचंद ने कहा, ‘‘ विश्व कप पदक, विश्व चैंपियन, एशियाई खेलों के पदक और अब अर्जुन पुरस्कार। हमने कभी नहीं सोचा था कि वह इतनी तेजी से आगे बढ़ेगी। जिंदगी तेजी से आगे बढ़ रही है और हम यहां राष्ट्रपति भवन के निमंत्रण पर आए हैं। यह एक सपने जैसा लगता है।’’ अदिति को 2023 के लिए विश्व खेलों के साल की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार के लिए भी नामांकित किया गया है। विजेता का फैसला बुधवार से शुरू होने वाले सार्वजनिक मतदान से किया जाएगा। यह मतदान जनवरी के आखिर तक चलेगा लेकिन 22 जनवरी को शुरुआती कट ऑफ के बाद मुकाबले में शीर्ष 10 खिलाड़ी ही रहेंगे। भाषा आनन्द पंतपंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments