नयी दिल्ली, 30 दिसंबर (भाषा) मुख्य मिडफील्डरों की चोटों से जूझ रहे भारत ने शनिवार को एएफसी एशियाई कप के लिए 26 सदस्यीय टीम की घोषणा की जिसमें सहल अब्दुल समद जगह बनाने में सफल रहे लेकिन जैकसन सिंह और ग्लान मार्टिन्स को फिटनेस संबंधित मुद्दों के कारण बाहर रखा गया।
शीर्ष मिडफील्डर जैकसन को नवंबर में कंधे में चोट लगी थी और उनका चुना जाना संदिग्ध था। मोहन बागान के मार्टिन्स भी हाल ही में चोटिल हो गए थे। हालांकि ये दोनों 50 संभावित खिलाड़ियों में शामिल थे।
इस महीने के शुरू में चोटिल हुए समद हालांकि टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे जिसका नेतृत्व अनुभवी स्ट्राइकर सुनील छेत्री करेंगे।
भारतीय सीनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच इगोर स्टिमक ने टीम की घोषणा की।
भारतीय टीम शनिवार को दोहा पहुंच जायेगी और एशियाई कप में पांचवीं दफा हिस्सा लेगी।
भारत अपना पहला ग्रुप बी मैच 13 जनवरी को अल रेयान के अहमद बिन अली स्टेडियम में आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगा और 18 जनवरी को इसी स्थान पर उज्बेकिस्तान से भिड़ेगा।
फिर स्टिमक की टीम 23 जनवरी को अल खोर के अल बेयट स्टेडियम में सीरिया से भिड़ेगी।
स्टिमक ने कहा, ‘‘ सभी खिलाड़ी फुटबॉल स्तर के मामले में समान हैं। हम एक टीम हैं, एक परिवार हैं। लेकिन अगर जज्बा नहीं है, प्रतिभा मायने नहीं रखती और कुछ भी हासिल नहीं किया जा सकता। ’’
भारतीय टीम (ब्लू टाइगर्स) के लिए कतर में खेलना कुछ नया नहीं है। टीम 2022 फीफा विश्व कप क्वालीफायर के चार मैच यहीं खेली थी जिसमें दो मुकाबले मेजबान टीम के खिलाफ थे।
वहीं छेत्री और गुरप्रीत सिंह संधू कतर में आयोजित किये गये 2011 एएफसी एशियाई कप में खेलने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। छेत्री ने बहरीन और दक्षिण कोरिया के खिलाफ एक एक गोल किया था।
स्टिमक ने कहा, ‘‘मैं दोहा में भारतीय प्रशंसकों को देखने के लिए उत्सुक हूं। वे क्वालीफायर के दौरान भारतीय टीम का समर्थन करने के लिए बड़ी संख्या में आए थे जिससे हमने कतर के खिलाफ दो बार शानदार प्रदर्शन किया था। ’’
भारतीय टीम इस प्रकार है:
गोलकीपर: अमरिंदर सिंह, गुरप्रीत सिंह संधू, विशाल कैथ।
डिफेंडर: आकाश मिश्रा, लालचुंगनुंगा, मेहताब सिंह, निखिल पुजारी, प्रीतम कोटल, राहुल भेके, संदेश झिंगन, सुभाशीष बोस।
मिडफील्डर: अनिरुद्ध थापा, ब्रैंडन फर्नांडिस, दीपक टांगरी, लालेंगमाविया राल्टे, लिस्टन कोलासो, नाओरेम महेश सिंह, सहल अब्दुल समद, सुरेश सिंह वांगजाम, उदांता सिंह।
फॉरवर्ड: ईशान पंडिता, लालियानजुआला चांगटे, मनवीर सिंह, राहुल कन्नोली प्रवीण, सुनील छेत्री, विक्रम प्रताप सिंह।
भाषा नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
