चेन्नई, 19 दिसंबर (भाषा) भारतीय ग्रैंडमास्टर (जीएम) डी गुकेश ने मंगलवार को यहां चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स शतरंज चैंपियनशिप के पांचवें दौर में सेनन सुगिरोव को हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
इस जीत के बाद गुकेश के नाम 3.5 अंक हो गये है और वह तालिका में एकल तौर पर शीर्ष पर पहुंच गये है।
इस 17 साल के खिलाड़ी ने काले मोहरों से 40 चाल में जीत दर्ज करने के साथ अगले साल के कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के क्वालीफिकेशन की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया।
गुकेश ने टूर्नामेंट की शुरुआत में लगातार तीन मुकाबले ड्रॉ खेले थे।
चौथे दौर के बाद तालिका में शीर्ष पर रहे पी. हरिकृष्णा ने पांचवें दौर में ईरान के जीएम परहम माघसूदलू के साथ ड्रॉ खेला। वह तीन अंक के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर खिसक गए।
यूक्रेन के जीएम पावेल एल्जानोव भी सर्बिया के जीएम एलेक्जेंडर प्रेडके को पछाड़कर तीन अंक तक पहुंच गए।
भारतीय जीएम अर्जुन एरीगैसी अमेरिका के जीएम लेवोन अरोनियन के खिलाफ ड्रॉ मुकाबले के बाद 2.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर है।
भाषा आनन्द सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
