अहमदाबाद, 17 नवंबर (भाषा) भारतीय वायु सेना (आईएएफ) की एरोबेटिक (हवा में कलाबाजी) टीम सूर्यकिरण ने 19 नवंबर को यहां नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट विश्व कप फाइनल से पहले शुक्रवार को एयर शो (हवा में विमानों का करतब) का अभ्यास किया।
गुजरात के रक्षा विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि सूर्यकिरण टीम ने स्टेडियम के ऊपर अभ्यास किया और फाइनल से पहले शनिवार को भी अभ्यास जारी रहेगा।
गुजरात क्रिकेट संघ (जीसीए) के प्रवक्ता जगत पटेल ने कहा, ‘‘फाइनल मैच से पहले एक एयर शो की योजना बनाई गई है, जिसके लिए शुक्रवार को स्टेडियम के ऊपर अभ्यास किया गया।’’
भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम में आमतौर पर नौ विमान शामिल होते हैं और इसने देश भर में कई एयर शो किए हैं।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
