लखनऊ, 15 अक्टूबर (भाषा) कप्तान कुसल मेंडिस को भरोसा है कि खराब लय से जूझ रही ऑस्ट्रेलिया की टीम के खिलाफ आईसीसी विश्व कप मैच में श्रीलंका की बल्लेबाजी इकाई सोमवार को यहां मैच जिताने में कारगर हो सकती है।
श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया को ग्रुप चरण के अपने शुरुआती दोनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा। पैट कमिंस की टीम के जहां खेल के सभी विभागों में संघर्ष किया है वहीं श्रीलंका की बल्लेबाजी इकाई ने पिछले दो मैचों में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है। टीम दक्षिण अफ्रीका और पाकिस्तान के खिलाफ 320 से अधिक का स्कोर बनाने में सफल रही है।
मेंडिस ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘ मुझे अपनी बल्लेबाजी पर बहुत भरोसा है, मुझे लगता है कि हम काफी कुछ कर सकते हैं। मेरा मानना है कि हमारे पास बेहतर बल्लेबाजी और गेंदबाजी इकाई है।’’
मेंडिस खुद भी बल्ले से जबरदस्त फॉर्म में हैं, उन्होंने पिछले तीन मैचों ( विश्व कप के दो मैच और अफगानिस्तान के खिलाफ अभ्यास मैच) में दो शतक और एक अर्धशतक बनाया है।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि मैंने पहले दो मैचों में रन बनाए, मैं अपना खेल इसी तरह जारी रखूंगा।’’
नियमित कप्तान दासुन शनाका के चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद मेंडिस को टीम की अगुवाई करने की जिम्मेदारी दी गयी है। इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने कहा कि टीम का नेतृत्व करने के दबाव से उनकी बल्लेबाजी को प्रभावित नहीं होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं बहुत खुश हूं कि मुझे कप्तानी मिली। मैं वैसे ही खेलना जारी रखूंगा जैसे पहले खेलता था क्योंकि कप्तानी मेरे लिए कोई नयी बात नहीं है। मैंने पहले भी अन्य टीमों की कप्तानी की है। गुवाहाटी में अभ्यास मैच में भी मैंने टीम का नेतृत्व किया था। इससे मेरी खेल शैली में कोई बदलाव नहीं होगा।’’
भाषा आनन्द आनन्द
आनन्द
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
