scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमखेलफलस्तीन के हटने से मर्डेका कप के कार्यक्रम में बदलाव

फलस्तीन के हटने से मर्डेका कप के कार्यक्रम में बदलाव

Text Size:

कुआलालंपुर (मलेशिया), 10 अक्टूबर (भाषा) फलस्तीन के हटने के बाद 13 अक्टूबर से यहां होने वाला मर्डेका कप फुटबॉल टूर्नामेंट तीन टीम के नॉकआउट प्रारूप में खेला जाएगा जिसमें भारत, ताजिकिस्तान और मेजबान मलेशिया की टीम हिस्सा लेंगी।

विज्ञप्ति के अनुसार फलस्तीन के अंतिम समय में प्रतियोगिता से हटने के बाद मलेशिया फुटबॉल संघ (एफएएम) ने मंगलवार को कार्यक्रम में बदलाव किया।

संशोधित कार्यक्रम के अनुसार भारत 90 हजार दर्शकों की क्षमता वाले बुकित जलील स्टेडियम में यहां 13 अक्टूबर को मलेशिया से भिड़ेगा और इस मुकाबले का विजेता 17 अक्टूबर को फाइनल में ताजिकिस्तान से खेलेगा।

एफएएम ने बयान में कहा, ‘‘फलस्तीन की टीम के हटने के बाद आज सुबह भारत और ताजिकिस्तान के टीम प्रबंधन के साथ 2023 इंडिपेंडेंस कप (मर्डेका कप) के आयोजक के रूप में एफएएम की विशेष बैठक में समय की कमी को ध्यान में रखते हुए प्रारूप में बदलाव सबसे अच्छा समाधान निकला।’’

तेज बारिश के बीच भारत और ताजिकिस्तान की टीम सोमवार को यहां पहुंची और दोनों को एक ही होटल में रखा गया है।

भारतीय गोलकीपर गुरप्रीत सिंह संधू ने कहा, ‘‘मैं यहां पहले भी एक बार खेल चुका हूं और मुझे अब भी स्टेडियम याद है, यह पूरा भरा हुआ था।’’

भारतीय डिफेंडर सुभाशीष बोस ने कहा कि मलेशिया और ताजिकिस्तान दोनों के खिलाफ मुकाबले से टीम को आगामी चुनौतियों के लिए तैयार होने में मदद मिलेगी।

बोस ने कहा, ‘‘ये कुछ अच्छी टीमों के खिलाफ कठिन मैच होंगे और मुझे लगता है कि ये हमें एशियाई कप और विश्व कप क्वालीफायर की तैयारी में काफी मदद करेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मलेशिया एक बहुत अच्छी टीम है और हाल ही में उसने कुछ अच्छे नतीजे दिए हैं। हर कोई उनके खिलाफ खेलने को लेकर उत्सुक है।’’

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments