धर्मशाला, नौ अक्टूबर ( भाषा ) इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने बांग्लादेश के खिलाफ मंगलवार को विश्व कप के मुकाबले से पहले एचपीसीए की आउटफील्ड को खराब बताया है ।
इससे पहले अफगानिस्तान के कोच जोनाथन ट्रॉट ने भी आउटफील्ड की आलोचना की थी जहां उनकी टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ मैच खेला था ।
बटलर ने मैच से पूर्व प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ आउटफील्ड को लेकर चिंतायें हैं । मेरे विचार से यह खराब आउटफील्ड है । इस पर फील्डिंग के दौरान काफी सावधानी बरतनी होगी ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ आप एक एक रन बचाने के लिये डाइव करना चाहते हैं लेकिन यहां उससे बचना होगा । यह वैसी आउटफील्ड नहीं है जैसी आईपीएल के दौरान देखने को मिलती है ।’’
अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच मैच के दौरान कई खिलाड़ी एचपीसीए की आउटफील्ड पर फिसल गए ।
बटलर ने कहा कि चोट किसी भी मैदान पर लग सकती है लेकिन पहले से दिमाग में यह बात रहेगी जो अच्छा नहीं है ।
उन्होंने कहा ,‘‘ चोट तो कहीं भी लग सकती है । एचपीसीए स्टेडियम पर थोड़ी सावधानी बरतनी होगी जो देश के लिये खेलते समय आप नहीं करना चाहते । आप अपना सब कुछ झोंककर एक एक रन बचाना चाहते हैं ।’’
बटलर ने यह भी कहा कि कूल्हे की चोट से उबर रहे बेन स्टोक्स बांग्लादेश के खिलाफ नहीं खेलेंगे । वह न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला मैच भी नहीं खेले थे ।
भाषा मोना सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
