पणजी, नौ अक्टूबर (भाषा) ‘आयरनमैन70.3’ रेस में भाग लेने वाले 26 साल के एक प्रतियोगी की सोमवार को यहां एक अस्पताल में मौत हो गयी। पणजी पुलिस ने यह जानकारी दी।
गोवा में ‘आयरमैन’ रेस का आयोजन रविवार को किया गया था। रेस के दौरान पटना के कामाख्या सिद्धार्थ अचेत हो गये थे जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इस आयरनमैन रेस में प्रतिभागियों को तैराकी (1.9 किलोमीटर), साईकिल (90 किलोमीटर) और दौड (21.1 किलोमीटर) स्पर्धा को पूरा करना था।
पुलिस अधीक्षक (उत्तर) निधिन वाल्सन ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘आयरनमैन 70.3 के दौरान रविवार बेहोश हुए कामाख्या सिद्धार्थ की सोमवार को एक निजी अस्पताल में मौत हो गई।’’
उन्होंने कहा कि सिद्धार्थ के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था।
सिद्धार्थ रविवार दोपहर पणजी में दौड़ के आखिरी चरण के दौरान अचेत हो गये थे जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मृतक के माता-पिता के आज दिन में पटना से आने की उम्मीद है।
मीरामार समुद्र तट पर शुरू हुए इस कार्यक्रम में 50 देशों के एथलीटों ने भाग लिया।
भाषा आनन्द मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
