scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमखेलएक मिशन पूरा हुआ और अब मिशन ओलंपिक शुरू : दिलीप टिर्की

एक मिशन पूरा हुआ और अब मिशन ओलंपिक शुरू : दिलीप टिर्की

Text Size:

( मोना पार्थसारथी )

नयी दिल्ली, छह अक्टूबर ( भाषा ) भारतीय हॉकी टीम को एशियाई खेलों में मिले स्वर्ण पदक को ‘टीम प्रयास’ का नतीजा बताते हुए पूर्व कप्तान और हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि अब नजरें पेरिस ओलंपिक में पदक का रंग बदलने पर हैं ।

भारत ने गत चैम्पियन जापान को 5 . 1 से हराकर हांगझोउ एशियाई खेलों की पुरूष हॉकी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता । इसके साथ ही हरमनप्रीत सिंह की टीम ने पेरिस ओलंपिक के लिये भी क्वालीफाई कर लिया ।

महान डिफेंडर और 1998 बैंकाक एशियाई खेलों में स्वर्ण जीतने वाली टीम के सदस्य रहे टिर्की ने हांगझोउ से भाषा को दिये इंटरव्यू में कहा ,‘‘ सबसे महत्वपूर्ण बात है कि हमने ओलंपिक के लिये सीधे क्वालीफाई कर लिया । अब क्वालीफायर से नहीं गुजरना होगा और हम तैयारी पर फोकस कर सकेंगे।’’

भारत चिली के सैंटियागो में ओलंपिक क्वालीफायर हारकर 2008 बीजिंग ओलंपिक के लिये क्वालीफाई नहीं कर सका था और 80 साल में यह पहली बार हुआ था ।

टिर्की ने कहा ,‘‘ हर खिलाड़ी , कोच और सहयोगी स्टाफ को पता था कि हमें सिर्फ स्वर्ण ही जीतना है । इससे कम गंवारा नहीं । पूरी टीम ने जबर्दस्त प्रदर्शन किया । चाहे वह श्रीजेश , अमित रोहिदास और मनप्रीत जैसे अनुभवी खिलाड़ी हों या अभिषेक जैसा नया खिलाड़ी । यह जीत टीम प्रयासों का नतीजा है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ जापान पिछली चैम्पियन टीम है और उसे 5 . 1 से हराना बड़ी उपलब्धि है । हॉकी इंडिया हर खिलाड़ी को पांच लाख रूपये नकद और सहयोगी स्टाफ को ढाई लाख रूपये नकद पुरस्कार देगा ।’’

उन्होंने यह भी कहा कि इस पदक के बाद अब टीम को चैन से नहीं बैठना है और कल से ही पेरिस ओलंपिक की तैयारी शुरू कर देनी है ।

टिर्की ने कहा ,‘‘ एक मिशन पूरा हुआ और अब दूसरा शुरू होगा । अब कल से ही पेरिस ओलंपिक के बारे में रणनीति बनाना और तैयारी शुरू करनी है । हमारी पूरी कोशिश रहेगी कि तोक्यो में जीते कांस्य का रंग पेरिस में बदलें ।’’

उन्होंने इस प्रदर्शन का श्रेय खिलाड़ियों को देते हुए कहा ,‘‘ यह बेहद फिट टीम है और हम पेनल्टी कॉर्नर के अलावा फील्ड गोल करने में भी कामयाब रहे हैं । सबसे बड़ी खूबी यह है कि यह एक ईकाई के रूप में खेल रही है और यही जीत का राज है ।’’

उन्होंने कहा ,‘‘ खिलाड़ियों और कोचों के अलावा हॉकी इंडिया और ओडिशा सरकार को भारतीय हॉकी का तहेदिल से साथ देने के लिये भी श्रेय जाता है ।’’

भाषा मोना मोना आनन्द

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments