scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमखेलभारत छह टीम स्पर्धाओं के क्वार्टर फाइनल में, महिला व्यक्तिगत रिकर्व में चुनौती समाप्त

भारत छह टीम स्पर्धाओं के क्वार्टर फाइनल में, महिला व्यक्तिगत रिकर्व में चुनौती समाप्त

Text Size:

हांगझोउ, दो अक्टूबर (भाषा) भारतीय तीरंदाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सोमवार को एशियाई खेलों में सभी छह टीम स्पर्धाओं में क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

भारत ने रिकर्व और कंपाउंड दोनों वर्गो में पांच टीम एलिमिनेशन दौर खेले और सिर्फ एक सेट गंवाया । वहीं महिला कंपाउंड टीम को क्वालीफिकेशन में शीर्ष रहने के कारण क्वार्टर फाइनल तक बाय मिला था ।

भारत कंपाउंड में पांच स्वर्ण पदकों की दौड़ में बना हुआ है क्योंकि उसके चार तीरंदाज ओजस देवताले, अभिषेक वर्मा, ज्योति सुरेखा वेन्नम और अदिति स्वामी अपनी व्यक्तिगत स्पर्धाओं के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं।

रिकर्व वर्ग में धीरज बोम्मदेवरा और अतनु दास पुरुष वर्ग में आगे बढ़ने में सफल रहे लेकिन महिलाओं के व्यक्तिगत वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई।

पांचवीं वरीयता प्राप्त अतनु दास और अंकिता भकत ने मलेशिया के स्याकिरा बिंटी एम और मुहम्मद जरीफ स्याहिर बिन जोकेपेली को 39 . 38, 37 . 36, 39 . 33 से हराया ।

मलेशिया की जोड़ी ने पहले सेट में तीन 10 स्कोर करके 2 . 0 की बढत बना ली थी । लेकिन भारत की अनुभवी जोड़ी ने दो 10 स्कोर करके वापसी की ।

मलेशियाई टीम ने दूसरा सेट एक अंक के अंतर से गंवा दिया । वहीं तीसरे सेट में दास और अंकिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन परफेक्ट 10 लगाये और क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली जहां उनका सामना चौथी वरीयता प्राप्त इंडोनेशिया से होगा ।

इंडोनेशिया को हराने पर उनकी टक्कर शीर्ष रैंकिंग वाली दक्षिण कोरिया से हो सकती है ।

एशियाई खेलों में छह कोटा स्थान उपलब्ध है जो रिकर्व मिश्रित टीम विजेता और व्यक्तिगत वर्ग में शीर्ष दो तीरंदाजों को मिलेंगे ।

कंपाउंड मिश्रित वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्त ओजस देवताले और ज्योति सुरेखा वेन्नम ने सिर्फ एक अंक गंवाया और संयुक्त अरब अमीरात के मोहम्मद बिनामरो और आमना अलावाधी को 159 . 151 से मात दी ।

अब उनका सामना मलेशिया से होगा ।

कंपाउंड टीम वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त ओजस, अभिषेक वर्मा और प्रथमेश जावकर ने 15वीं वरीयता प्राप्त सिंगापुर ( वून तेंग एंग, ली चुंग ही एलेन और जुन हुइ गोह ) को 235 . 219 से हराया । अब उनका सामना निचली रैंकिंग वाली भूटान टीम से होगा ।

शीर्ष वरीयता प्राप्त महिला कंपाउंड टीम ( ज्योति, अदिति स्वामी और परनीत कौर ) क्वार्टर फाइनल में नौवीं वरीयता प्राप्त हांगकांग से खेलेगी जिसने बांग्लादेश को 225 . 218 से हराया ।

दास, धीरज और तुषार शेल्के की पुरूष रिकर्व टीम ने हांगकांग के क्वोक यिन चाइ, लॉ क्वुन पोक लूसियेन और चुन किट को 58 . 47, 57 . 49, 57 . 55 से हराया । अब उनका सामना मंगोलिनया से होगा ।

महिला रिकर्व टीम ने 12वीं वरीयता प्राप्त थाईलैंड को हराया । पांचवीं वरीयता प्राप्त महिला टीम में अंकिता , भजन कौर और सिमरनजीत कौर शामिल थे जिन्होंने 49 . 47, 54 . 54, 55 . 54 से जीत दर्ज की । अब उनका सामना जापान से होगा ।

व्यक्तिगत स्पर्धा में मौजूदा विश्व चैंपियन देवताले ने अहमद अलशट्टी (कुवैत) को 148-138 से और फिर चीनी ताइपे के चेन चिह-लून को कड़े मुकाबले में 146-145 से हराया।

चौथी वरीयता प्राप्त वर्मा ने सऊदी अरब के बेलाल अयमान अलावादी को 147-139 से और फिर गुयेन वान डे (वियतनाम) को 146-142 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई।

महिलाओं के कंपाउंड वर्ग में ज्योति ने श्रीलंका की अनुराधा विजेसिंघे करुणारत्ने को 145-132 से और फातिमा साद महमूद अलमशादानी को 146-141 से हराया। अदिति ने नेपाल की इमायुंग राय को 149-137 से और इंडोनेशिया की सियाहारा खोएरुनिसा को 148-146 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

रिकर्व वर्ग में अतनु दास ने मलेशिया के बिन मोहम्मद खैरुल अनुआर को चुनौतीपूर्ण मुकाबले में 6-4 (27-27, 29-28, 24-28, 26-26, 29-28) से हराया। इसके बाद उन्होंने ताजिकिस्तान के रॉबर्ट नाम को 7-1 (28-26, 28-28, 26-25, 28-26) से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई।

धीरज बोम्मदेवरा को बांग्लादेश के मुहम्मद हकीम अहमद रूबेल को 6-5 (27-27, 28-30, 28-27, 28-27, 25-29) (10-8) को टाइब्रेकर में हारने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ी। इसके बाद उन्होंने हालांकि भूटान के लैम दोरजी को 6-2 (27-28, 30-29, 30-26, 28-27) से आसानी से हराया।

रिकर्व महिला व्यक्तिगत वर्ग में भारत का अभियान समाप्त हो गया। भजन प्री क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की मौजूदा ओलंपिक चैंपियन एन सैन से 3-7 (28-27, 25-28, 28-28, 27-28, 27-28) से हार गई।

अंकिता को दूसरे दौर में रेज़ा ऑक्टेविया से शूटऑफ में 5-6 (26-27, 28-27, 27-28, 25-25, 26-25) (9-10) से हार का सामना करना पड़ा।

भाषा पंत सुधीर

सुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments