हांगझोउ, एक अक्टूबर (भाषा) स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी एच एस प्रणय और पीवी सिंधू को पहले दौर में बाय मिली है जिससे भारत को रविवार को यहां एशियाई खेलों की व्यक्तिगत स्पर्धाओं में मिला जुला ड्रा मिला।
पीठ की चोट के कारण टीम स्पर्धा में नहीं खेलने वाले दुनिया के सातवें नंबर के खिलाड़ी प्रणय समय पर उबरने की उम्मीद लगाये होंगे जिन्हें दूसरे दौर में मंगोलिया के बातदावा मुनखाबात से भिड़ना है। वहीं पूर्व नंबर एक किदाम्बी श्रीकांत पहले दौर में वियतनाम के ले डु फाट के सामने होंगे।
विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता प्रणय क्वार्टरफाइनल में मलेशिया के ली जि जिया या विश्व चैम्पियन कुनलावतु वितिदसर्ण से भिड़ सकते हैं।
महिलाओं के एकल में सातवीं वरीय सिंधू दूसरे दौर में चीनी ताइपे की वेन चि सु के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेंगी और अगले दौर में उनका सामना इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वारदानी और चीन की ही बिंग जाओ से हो सकता है।
अन्य महिलाओं में अश्मिता चालिहा को पहले दौर में बाय मिली है जिससे वह दूसरे दौर में इंडोनेशिया की जार्जिया मारिस्का के सामने होंगी।
चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी लुई चुन वाई और चो हिन लोंग से भिड़ेंगे।
ध्रुव कपिला और एमआर अर्जुन का सामना ताकुरो होकी और योगी कोबायाशी से होगा।
महिला युगल में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद पहले दौर में अमिनाथ रज्जाक और फतिमाथ रज्जाक से भिड़ेंगी।
मिश्रित युगल में रेाहन कपूर और एन सिक्की रेड्डी पहले दौर में शेवोन जेमी और गोह सून हुआत से जबकि तनीषा और साई प्रतीक पहले दौर में लियोन लोक चोंग और वेंग चि एनजी से भिड़ेंगे।
तनीषा क्रास्टो और अश्विनी पोनप्पा पहले दौर में माइसा इस्माइल और ऐसाथ रशीद के सामने होंगी।
भाषा नमिता मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
