scorecardresearch
Friday, 6 March, 2026
होमखेलएशियाई खेलों के पदक विजेता निशानेबाजों को कर्णी सिंह परिसर में सुधार की उम्मीद

एशियाई खेलों के पदक विजेता निशानेबाजों को कर्णी सिंह परिसर में सुधार की उम्मीद

Text Size:

… सौम्योज्योति एस चौधरी

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) एशियाई खेलों के पदक विजेता निशानेबाजों ने उम्मीद जताई है कि हांग्झोउ खेलों में  प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद कर्णी सिंह निशानेबाजी परिसर के सुविधाओं में सुधार की लंबे समय से चली आ रही उनकी मांग पूरी होगी।

  एशियाई खेलों में निशानेबाजी की दो दिन की स्पर्धाएं बची हुई हैं। भारतीय निशानेबाजों ने छह स्वर्ण और सात रजत समेत 18 पदक जीतकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है । इससे पहले एशियाई खेलों की निशानेबाजी स्पर्धा में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2006 दोहा खेलों में था जब 14 पदक जीते थे ।

निशानेबाजों ने परिसर में सुधार की मांग की है। जिससे उन्हें एशियाई खेलों की सफलता को पेरिस ओलंपिक में दोहराने में मदद मिले।

एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज रुद्रांक्ष पाटिल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘कर्णी सिंह रेंज 2010 राष्ट्रमंडल खेलों से पहले बनाया गया था, इसलिए वही रेंज काफी उपयोगी है लेकिन अब हमने बेहतर रेंज बनाई है, जो भोपाल और अन्य स्थानों पर हैं। इसलिए हमने मंत्री से यहां भी उस तरह की रेंज बनाने का अनुरोध किया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बेहतर गुणवत्ता का होना हमेशा अच्छा होता है क्योंकि ज्यादातर समय जब हम कर्णी सिंह में प्रशिक्षण ले रहे होते हैं। ऐसे में मौके पर सर्वोत्तम उपकरण रखना सबसे अच्छा विकल्प होता है।’’

रुद्रांश देश के लिए ओलंपिक कोटा हासिल कर चुके हैं। उनकी और दिव्यांश सिंह पंवार और ऐश्वर्य सिंह तोमर की तिकड़ी ने एशियाई खेलों में 10 मीटर एयर राइफल पुरुष स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता है।

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के महासचिव राजीव भाटिया ने बताया कि वे 2016 से इस खेल परिसर में सुधार की मांग कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जतायी कि एशियाई खेलों में पदक की बड़ी संख्या के बाद स्थिति को सुधारने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी मांग नयी नहीं है। हम सुविधाओं में सुधार के लिए साइ (भारतीय खेल प्राधिकरण) से 2016-17 से मांग कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे उम्मीद है कि एशियाई खेलों में निशानेबाजों के इतने शानदार प्रदर्शन के बाद मंत्रालय आखिरकार हमारे अनुरोध पर ध्यान देगा।’’

भाषा आनन्द पंत

पंत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments